वर्धमान स्कूल के बच्चों ने साइकिल रैली से दिया साइकिल से सक्रिय जीवन का संदेश, सुरक्षित सड़क व्यवहार करने की भी अपील की…

शहर के प्रमुख मार्गों से निकाली गई रैली..

इटारसी। वर्धमान पब्लिक स्कूल इटारसी के विद्यार्थियों ने सुरक्षित सड़कों, सक्रिय जीवनशैली और जिम्मेदार सड़क व्यवहार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से साइकिल रैली का आयोजन किया गया। साइकिल रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने जनता को सुरक्षित सड़क व्यवहार का पालन करने का संदेश दिया। साइकिल रैली के आयोजन में वर्धमान स्कूल संचालक प्रशांत जैन और चरनजीत सिंह कुकरेजा का विशेष सहयोग रहा। रैली के शुभारंभ अवसर पर स्वास्थ्य सभापति नगरपालिका इटारसी राकेश जाधव एवं समाजसेवी मनीष ठाकुर मुख्य रूप से मौजूद थे। विद्यार्थियों ने शहर के प्रमुख मार्गों से साइकिल चलाते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार राइडिंग, यातायात नियमों के पालन और सड़क पर एक-दूसरे की सुरक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। रैली का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइकिल के नियमित उपयोग के लिए प्रोत्साहित करने के साथ स्वस्थ एवं सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देना भी रहा। रैली के माध्यम से नाबालिगों द्वारा दोपहिया वाहन न चलाने और कम उम्र में ड्राइविंग को सामान्य न बनाने का भी संदेश दिया गया। विद्यालय का मानना है कि सड़क सुरक्षा केवल नियमों तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों में बचपन से ही जिम्मेदार विकल्प और सुरक्षित आदतें विकसित करने का विषय है। रैली के समापन के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए लकी ड्रॉ का आयोजन भी किया गया। इसमें कक्षा 4 की रुद्राक्षी गुप्ता एवं कक्षा 8 के कृष्णा कलतही ने लकी ड्रॉ जीता और पंजाब साइकिल स्टोर्स द्वारा प्रायोजित नई साइकिलें प्राप्त कीं।

Leave a Reply