राज्यसभा सांसद माया नारोलिया की उपस्थिति में आयुध निर्माणी प्रबंधन के साथ हुई महत्वपूर्ण बैठक

इटारसी। आयुध निर्माणी इटारसी प्रबंधन के साथ विभिन्न स्थानीय विषयों को लेकर एक बैठक आयोजित हुई। यह बैठक राज्यसभा सांसद माया नारोलिया के मार्गदर्शन में आयोजित हुई। बैठक में आयुध निर्माणी से लगे हुए गांवों को आयुध निर्माणी परिसर से जोड़ने वाली सड़कों का निर्माण सीएसआर फंड से कराने का निर्णय लिया गया। बैठक में निर्माणी परिसर से लगे चांदौन, झिरमऊ, डोब आदि गांवों को निर्माणी परिसर से जोड़ने वाली सड़कों का निर्माण सीएसआर (CSR) फंड से कराने की जानकारी रखी गई। अगले चरण में अन्य संपर्क सड़कों का निर्माण भी प्रबंधन द्वारा कराने की बात कही गई। बैठक में प्रमुख रूप से निर्माणी के आसपास के किसानों से जुड़े भूमि संबंधी विषय पर भी चर्चा हुई। सांसद माया नारोलिया द्वारा किसान प्रतिनिधियों एवं प्रबंधन के बीच मध्यस्थता की गई। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि उचित भूमि सीमांकन के पश्चात ही निर्माणी प्रबंधन द्वारा आगे की किसी भी कार्रवाई को किया जाएगा। इस बैठक में भारतीय प्रतिरक्षा मजदूर संघ के केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य अमित बाजपेई, यूनियन अध्यक्ष कुलदीप चौधरी, महामंत्री कृष्णा शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष नरेंद्र मेघवाल, राजेश रोशन, देवेंद्र चौधरी, जगन्नाथ यादव, दिनेश यादव, अमित सैनी, दीपेश यादव सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।दाधिकारी भी उपस्थित रहे।
यूनियन ने रखी प्रमुख मांगें
-निर्माणी के अंदर और बाहर की जर्जर सड़कों को शीघ्र सुधारने की मांग पर प्रबंधन ने आश्वासन दिया कि बरसात समाप्त हो चुकी है, अतः सड़क मरम्मत का कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।
-फैक्ट्री आवासीय परिसर में बंदरों एवं अन्य जानवरों के आतंक के रोकथाम की माँग पर प्रबंधन द्वारा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।
-तेंदुए की समस्या को लेकर प्रबंधन ने बताया कि वन विभाग द्वारा परिसर में पिंजरे लगाए गए हैं और निवासियों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाए जा रहे हैं।