रजौन रेत खदान पर अवैध रेत उत्खनन, लोडर से कुचलने की कोशिश, खूनी गैंगवार के बन रहे हालात….

नर्मदापुरम। जिले में रेत का अवैध उत्खनन थमने का नाम नहीं ले रहा है। रेत के इस अवैध कारोबार में रेत कारोबार से जुड़े लोगों के बीच विवाद बढ़ते जा रहे हैं। इसी तरह का एक मामला रजौन खदान का सामने आया है जिसका वीडियो भी मीडिया तक पहुंचा है। रजौन खदान पर अवैध रेत उत्खनन का यह खेल बड़ी गैंगवार में होते होते बचा। रजौन खदान पर रेत के अवैध कारोबार से जुड़े कुछ लोगों का दूसरे युवकों से जमकर विवाद हुआ। विवाद के दौरान ही लोडर मशीन के पंजे से युवक को कुचलने की कोशिश भी की गई। जिसे वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है। बेखौफ रेत माफियाओं का यह कारनामा पुलिस और प्रशासन के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। मौके पर ही नशे में धुत एक आरोपी ने हाई-प्रोफाइल ड्रामा भी किया और क्षेत्र के बड़े जनप्रतिनिधियों को लेकर अपशब्दो का भी चयन किया। इस पूरे मामले में रेत के अवैध कारोबार से जुड़े जित्तू और राहुल नामक युवकों के नाम सामने आ रहे हैं। फिलहाल इस मामले में कोई भी शिकायत थाने तक नहीं पहुंची है। उल्लेखनीय है कि एनजीटी की रोक लगे होने के बाद भी रेत खदानों से रेत का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। रेत के इस अवैध उत्खनन को रोकने में माइनिंग विभाग भी नाकाम साबित हो रहा है।

    Leave a Reply