गरीबों के राशन के नाम पर 1 करोड़ का डाका, दुकान संचालक और विक्रेता पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश जारी…

–विभाग करेगा आरोपियों से कथित गबन की गई राशि की रिकवरी

नर्मदापुरम। जिले में राशन दुकानें गरीब और जरूरतमंदों को अनाज उपलब्ध कराने की मंशा से आवंटित हुई हैं मगर कई दुकान संचालक इसे कमाई का जरिया बनाकर खुद की जेब भर रहे हैं। राशन की हेराफेरी कर उससे काली कमाई कर खुद आर्थिक तौर पर मजबूत बना रहे हैं और राशन लेने आने वालों चक्कर लगवा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला जिले की दो सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) ke तहत संचालित राशन दुकानों में सामने आया है। इन दो दुकानों से करीब 1.04 करोड़ रूपये के राशन की हेराफेरी का खुलासा प्रशासन की जांच में हुआ है। भौतिक सत्यापन के दौरान ई-पॉस मशीन के रिकॉर्ड में दर्ज गेहूं और चावल की तुलना में मौके पर बेहद कम स्टॉक मिलने के बाद जिला प्रशासन ने दो लोगों पर एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। दोनों ही लोगों पर एफआईआर दर्ज करने संबंधी शिकायत भी पुलिस थाने में हो गई है।

यह है मामला

प्रशासन द्वारा की गई जांच के अनुसार दुकान क्रमांक 2601055 के रिकॉर्ड में 14,070 किलो गेहूं और 3,406 किलो चावल दर्ज था, लेकिन मौके पर केवल 300 किलो गेहूं और 100 किलो चावल मिला। इसमें करीब ₹33.17 लाख की अनियमितता सामने आई। वहीं दुकान क्रमांक 2601065 के रिकॉर्ड में 20,757 किलो गेहूं और 4,919 किलो चावल होना दर्ज था, जबकि मौके पर 400 किलो गेहूं और 200 किलो चावल ही मिला। इस दुकान में करीब ₹70.82 लाख की गड़बड़ी बताई गई है। इस तरह दोनों दुकानों को मिलाकर करीब 1 करोड़ रूपये के राशन की गड़बड़ी की गई है। जांच में यह भी सामने आया कि रिकॉर्ड में मई 2025 में ही जून से अगस्त तक का राशन वितरित करना दर्ज कर दिया गया था जबकि संबंधित क्षेत्र के करीब 250 से 300 परिवारों को तीन महीने तक राशन नहीं मिलने की बात जांच में सामने आई है।

इन दो लोगों ने किया घोटाला

राशन दुकान में राशन की गड़बड़ी कर उससे अपनी जेब भरने के मामले में जिला प्रशासन ने हर्ष तिवारी और प्रकाश तिवारी की जिम्मेदारी तय करते हुए उन्हें ही इस घोटाले का प्रमुख किरदार माना है। जांच रिपोर्ट में दोनों गड़बड़ी पकड़ाने के बाद अब उनकी मुश्किलें बढ़ना तय हैं। एक तरफ जहां पुलिस एफआईआर दर्ज करेगी वहीं दूसरी तरफ संबंधित विभाग 1 करोड़ रूपये की रिकवरी भी करने का कदम उठाएगा।

इनका कहना है

राशन दुकानों पर राशन की हेराफेरी के मामले में प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी सरोज सिंह परिहार ने 28 सितंबर 2026 को आदेश जारी कर दुकान प्रबंधक प्रकाश तिवारी और विक्रेता हर्ष तिवारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी अमित साहू ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। विभाग के अनुसार आरोपियों से ₹1,03,99,851 की राशि की वसूली भू-राजस्व की बकाया राशि की तरह किए जाने की कार्रवाई होगी। दोनों दुकानों को निलंबित कर हितग्राहियों को नजदीकी जय भोले और बालागंज उपभोक्ता भंडार से अटैच किया गया है।

Leave a Reply