
सेवा संकल्प अभियान के तहत चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
इटारसी। सेवा संकल्प अभियान के तहत सांदीपनी हायर सेकेंडरी स्कूल, पीपल मोहल्ला में चित्रकला प्रतियोगिता एवं पेंटिंग प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में स्कूली बच्चों ने ‘विकसित भारत-2047’ की सोच और परिकल्पना को अपनी कल्पनाशक्ति एवं रंगों के माध्यम से कागज के पन्नों पर उकेरा। उत्कृष्ठ चित्रकला के माध्यम से अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने वाले विद्यार्थी समीर भारके, निशांत कैथेले, दीपिका सराठे अब संकुल स्तर पर अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे l
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद मीरा राजकुमार यादव, वार्ड क्रमांक 8 की पार्षद ज्योति राजकुमार बाबरिया, पूर्व पार्षद अवध नारायण पांडे, राजकुमार बाबरिया एवं राजकुमार यादव उपस्थित रहे। इसके बाद अतिथियों ने रिबन काटकर विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई पेंटिंग प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। अतिथियों ने शिक्षकों के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन कर बच्चों की कलाकृतियों की सराहना की।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने स्वागत गीत एवं नृत्य की प्रस्तुति देकर अतिथियों का स्वागत किया। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने विकसित भारत की कल्पना को अलग-अलग विषयों और रंगों के माध्यम से प्रस्तुत किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन विद्यार्थियों का जिला स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया।
बच्चों की कल्पनाशक्ति को मंच देना जरूरी=
विद्यालय के प्राचार्य एन.पी. चौधरी ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति और आत्मविश्वास को बढ़ावा देती हैं। विकसित भारत-2047 जैसे विषय पर बच्चों ने जिस तरह अपनी सोच को चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया है, वह उनकी प्रतिभा और भविष्य के प्रति उनकी सोच को दर्शाता है।
पूर्व पार्षद अवध नारायण पांडे ने कहा कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा को सामने लाने के लिए ऐसे आयोजन लगातार होते रहना चाहिए। चित्रकला के माध्यम से बच्चे अपने विचारों को सहजता से व्यक्त कर सकते हैं।
शिक्षक विकास साहू ने विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई पेंटिंग पर विचार रखते हुए कहा कि बच्चों ने विकसित भारत की परिकल्पना को अपनी समझ और रचनात्मकता के अनुसार चित्रों में उतारा है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को ऐसे रचनात्मक कार्यों के लिए प्रोत्साहित किया जाना चाहिए कि विकसित भारत का लक्ष्य साकार हो सके l
कार्यक्रम का मंच संचालन निहारिका ठाकुर एवं आशीष श्रीवास ने किया।
इस अवसर पर प्राचार्य एन.पी. चौधरी, देवेंद्र पटेल, संतोष राणा, सैलजा सोनी, विकास साहू ,अमृता मालवीय , कमल पवार, सीताराम लावस्कर सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।