व्यापारियों ने अतिक्रमण मुहिम पर बात रखी तो विधायक दो टूक बोले, उनके ही निर्देश पर चल रहा है अभियान, अतिक्रमण हटाना ही होगा…

व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता,

बाजार की समस्याओं का जल्द होगा समाधान

इटारसी। नगर में बाजार की विभिन्न समस्याओं को लेकर स्थानीय सिंधी व्यापार महासंघ के बैनर तले व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों विधायक डॉ सीतासरन शर्मा एवं नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे के बीच एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अतिक्रमण, दुकानों के मालिकाना हक, किराए की पेनाल्टी और बड़े मॉल्स से होने वाले नुकसान जैसे गंभीर मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई और कई अहम फैसले लिए गए।

अतिक्रमण मुहिम नहीं रुकेगी, व्यापारियों से बोले विधायक

बाजार में चल रही अतिक्रमण हटाओ मुहिम पर विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा के सामने व्यापारियों ने कई तरह की बातें रखी। व्यापारियों ने अपरोक्ष रूप से इस मुहिम पर आपति जताते हुए इसे रुकवाने की मंशा जाहिर की। व्यापारियों की पूरी बात सुनने के बाद विधायक डॉ शर्मा ने स्पष्ट कहा कि बाजार में अतिक्रमण की स्थिति बहुत गंभीर है जिससे आम जनता भी परेशान है। यह कार्रवाई उनके ही निर्देशों पर हो रही है और इसे रोका नहीं जाएगा। विधायक के तीखे तेवर देख व्यापारियों ने भी शहर के विकास तथा साफ-सफाई में प्रशासन का पूरा सहयोग करने का आश्वासन दिया। व्यापारियों के समर्थन देने के बाद ही ग्राहकों की सुविधा के लिए नालियों पर साफ-सफाई में बाधक न बनने वाली लोहे की जाली (जिसे आसानी से खोला जा सके) लगाने की अनुमति भी प्रशासन ने दे दी है।

लीज और मालिकाना हक के लिए शासन को भेजेंगे प्रस्ताव

बैठक में बाजार के व्यापारियों ने 30 साल पुरानी लीज वाली दुकानों को गाइडलाइन के अनुसार रजिस्ट्री कर मालिकाना हक (फ्री-होल्ड) देने की मांग रखी। विधायक ने आश्वासन दिया है कि इसके लिए राज्य शासन को विधिवत प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा और शासन की स्वीकृति मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे जहां नगरपालिका को राजस्व मिलेगा, वहीं व्यापारियों को भी बार-बार होने वाली परेशानियों से मुक्ति मिलेगी। साथ ही, पारिवारिक हस्तांतरण के लिए दुकानों के नामांतरण (NOC) की प्रक्रिया को भी सरल बनाने पर सहमति बनी है।

किराए की पेनाल्टी पर जल्द मिलेगा समाधान

दुकानों के किराए पर लगाई जा रही भारी पेनाल्टी (1600 रुपये तक) को लेकर व्यापारियों ने अपनी परेशानी साझा की। इस पर जनप्रतिनिधियों ने राहत का संकेत देते हुए कहा कि जो व्यापारी अपना बकाया मूल किराया जमा कर देंगे, उनकी पेनाल्टी माफी और अन्य आपत्तियों को लेकर सीएमओ (CMO) के साथ बैठकर उचित समाधान निकाला जाएगा।

व्यापारियों ने बुलाई अहम सभा

सिंधी व्यापार महासंघ के अध्यक्ष राहुल चेलानी ने इस बैठक को बेहद सार्थक बताया। उन्होंने कहा कि विधायक के समक्ष रखी गई अधिकांश मांगों पर तुरंत सहमति बन गई है और शेष मुद्दों का भी एक-दो दिन में व्यापारियों के हित में सकारात्मक निराकरण हो जाएगा। इन निर्णयों और शहर में खुल रहे बड़े मॉल्स से छोटे खुदरा व्यापारियों को हो रहे नुकसान के मुद्दे पर आगे की रणनीति तय करने के लिए और दुकानों के ऊपर डोम लगाने की चर्चा करने महासंघ ने जवाहर बाजार में व्यापारियों की एक अहम बैठक बुलाई है।

इनका कहना है

विधायक महोदय और नगरपालिका के साथ व्यापारियों की चर्चा हुई है। कई अहम विषयों पर निर्णय लिए गए हैं। अतिक्रमण हटाने में व्यापारियों ने सहयोग करने का आश्वासन दिया है। इससे बाजार व्यवस्थित नजर आयेगा।

पंकज चौरे, नपाध्यक्ष इटारसी

Leave a Reply