
हत्या का फरार ₹5,000 का ईनामी आरोपी दबोचा
इटारसी। ट्रेन में भागने की मंशा से सफर कर रहे हत्या के एक इनामी आरोपी को कटनी जिले के थाना रीठी से मिले एक इनपुट के आधार पर इटारसी स्टेशन पर पकड़ा गया। इटारसी रेल सुरक्षा बल (RPF) ने मुस्तैदी दिखाते हुए 4 साल से फरार चल रहे ₹5,000 के ईनामी हत्या के आरोपी को गिरफ्तार कर संबंधित कटनी पुलिस के सुपुर्द किया है।
थाना रीठी से मिली सूचना, सक्रिय हुई आरपीएफ
कटनी जिला स्थित पुलिस थाना रीठी के निरीक्षक द्वारा आरपीएफ निरीक्षक इटारसी मनीष पाण्डेय को दूरभाष पर सूचना दी गई कि वर्ष 2022 से धारा 302, 34 IPC के पुलिस थाना रीठी दर्ज प्रकरण में वांछित ईनामी आरोपी ट्रेन संख्या 17605 से यात्रा कर रहा है। रीठी पुलिस द्वारा व्हॉट्सऐप (WhatsApp) पर आरोपी का फोटो एवं एफआईआर (FIR) की प्रति साझा की गई। हत्या के आरोपी की डिटेल मिलने के बाद इटारसी आरपीएफ ने एक टीम बनाकर बताई गई ट्रेन की घेराबंदी के लिए भेजी।
जनरल कोच में बैठा था आरोपी
इटारसी स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही आरपीएफ की विशेष टीम में शामिल सहायक उप निरीक्षक एसके मिश्रा, प्रकाश बिल्लौरे, आरक्षी ब्रजमोहन, दाताराम, लाखन गुर्जर तथा श्वान दल के प्रधान आरक्षी लालू चौधरी व आरक्षी ओमप्रकाश ने ट्रेन में सघन जांच अभियान चलाया। जांच अभियान इस तरह से चलाया गया कि आरोपी यह समझ ही नहीं पाया कि जाल उसके लिए ही बिछाया गया है। चेकिंग के दौरान ट्रेन के जनरल कोच में आरोपी को संदिग्ध अवस्था में पकड़ा गया। व्हॉट्सऐप पर प्राप्त फोटो से मिलान करने पर आरोपी की पहचान सुनिश्चित हुई। आरोपी को सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट इटारसी लाया गया और रीठी पुलिस को सूचित किया गया। अगले दिन पुलिस थाना रीठी से उप निरीक्षक दिनेश सिंह चौहान, प्रधान आरक्षी अजय मेहरा एवं आरक्षी शमशेर सिंह की टीम इटारसी पोस्ट पहुंची। आरपीएफ द्वारा दस्तावेजों का अवलोकन करने के उपरांत आरोपी को अग्रिम कानूनी कार्रवाई हेतु रीठी पुलिस टीम को सुपुर्द कर दिया गया।