विधायक के सख्त निर्देश पर बाजार में नगर पालिका की बड़ी कार्रवाई
इटारसी। शहर में विकास कार्यों सहित अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर विधायक डॉ सीतासरन शर्मा की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया था। इस बैठक में विधायक डॉ सीतासरन शर्मा ने शहर के बाजार क्षेत्र में अतिक्रमण को लेकर नपा प्रशासन के जिम्मेदार अफसरों से नाराजी जताई थी और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिये थे। विधायक के सख्त निर्देशों के बाद शहर की बाजार व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने एवं आम नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा मंगलवार को बाजार क्षेत्र में व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेखा जाटव के निर्देशन में नगर पालिका के राजस्व अमले, अतिक्रमण दल एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों ने बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया। सड़क, फुटपाथ एवं सार्वजनिक स्थानों पर किए गए अतिक्रमण को देखकर खुद सीएमओ सुरेखा जाटव भी सन्न रह गई। अतिक्रमण के हालत देख उन्होंने व्यापारियों पर जुर्माना लगाने में कोई मुरव्वत नहीं की।
फल विक्रेताओं को शिफ्ट किया, शाम तक फिर आ गए
अतिक्रमण अभियान के दौरान सड़क एवं सार्वजनिक आवागमन वाले स्थानों पर ठेले लगाने वाले फल विक्रेताओं को समझाइश देते हुए महर्षि वाल्मीकि फल बाजार में निर्धारित स्थान पर अपने ठेले लगाने के निर्देश दिए गए। नगर पालिका अमले ने स्पष्ट चेतावनी दी कि फल विक्रेता एवं हाथ ठेला संचालक निर्धारित स्थान पर ही व्यवसाय करें तथा सड़क, मुख्य मार्ग एवं फुटपाथ पर ठेले लगाकर यातायात एवं नागरिकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न न करें अन्यथा उन पर कार्रवाई होगी मगर नपा के जिम्मेदारों के यहां से हटते ही कई फल विक्रेता फिर से ठेले लेकर सड़कों पर खड़े हो गए। नपा की बनाई व्यवस्था पर उन चुनिंदा फल विक्रेताओं ने पानी फेरकर नपा प्रशासन को ही चुनौती दे डाली।
अतिक्रमण का सामान जब्त, चालानी कार्रवाई
अतिक्रमण विरोधी अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर नियम विरुद्ध रखे गए सामान को हटाकर जप्त किया गया। दुकानों का जब्त करने के दौरान दुकानदारों ने नपा के अधिकारियों से दोबारा अतिक्रमण नहीं करने की बातें कहीं मगर उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। नपा के अधिकारियों ने दुकानदारों को कहा कि आप सभी को पहले भी अतिक्रमण नहीं करने की हिदायत दी जाती रही है मगर आप लोग मानते नहीं हैं। इसलिए अब कोई समझाइश नहीं देेंगे बल्कि जुर्माना वसूला जाएगा। नपा प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान कुल 32 रसीदें जारी करते हुए ₹18,600 की जुर्माना राशि वसूल की गई।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष ने जताई आपत्ति
कपड़ा बाजार में अतिक्रमण हटाओ मुहिम चालू होने की सूचना पर नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी भी कार्यकर्ताओं के साथ पहुंचे और उन्होंने सीएमओ से बिना नोटिस दिए कार्रवाई करने पर आपति जताई तो सीएमओ सुरेखा जाटव ने नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी को नपा के पास कार्रवाई करने का अधिकार होने का तर्क देकर कार्रवाई में बाधक नहीं बनने की बात कही। दोनों के बीच करीब 5 मिनट तक नियम-प्रक्रिया को लेकर बहस होती रही जिसके बाद दोनों पक्ष अपने अपने रास्ते पर आगे बढ़ गए।
स्टाफ को नियमित निगरानी के आदेश
मुख्य नगर पालिका अधिकारी सुरेखा जाटव ने संबंधित अमले को बाजार क्षेत्र में नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्धारित स्थान के अतिरिक्त सड़क, फुटपाथ अथवा सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका प्रशासन ने व्यापारियों, फल विक्रेताओं एवं हाथ ठेला संचालकों से अपील भी की है कि वे नगर पालिका द्वारा निर्धारित व्यवस्था का पालन करें और व्यवस्थित बाजार एवं सुगम यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। नगर पालिका परिषद इटारसी द्वारा अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
इनका कहना है



बाजार में दुकानों के सामने बेजा अतिक्रमण किया गया है। नपा प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ मुहिम चलाकर कपड़ा बाजार सहित कई प्रमुख मार्गों से अतिक्रमण हटाया है। करीब 32 रसीदें काटकर करीब 18 हजार 600 रूपये जुर्माना वसूला गया है। आगे भी यह कार्रवाई नियमित की जाएगी।
सुरेखा जाटव, सीएमओ इटारसी