इटारसी के पीपल मोहल्ला का युवक ट्रेनों से सामान चोरी में पकड़ाया, 5 मामलों में 3.21 लाख का माल बरामद…

युवक का पहले से है आपराधिक रिकॉर्ड

 इटारसी। रेल्वे स्टेशन इटारसी एवं आउटर क्षेत्र में यात्रियों के सामान की चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने के  विशेष अभियान में जुटी जीआरपी थाना इटारसी की पुलिस टीम को एक और बड़ी सफलता मिली है । जीआरपी इटारसी थाना प्रभारी संजय चौकसे के नेतृत्व मे जांच में जुटी टीम को जीआरपी थाने में दर्ज एक केस  में चोरी गया मशरुका सहित चोरी के पाँच मामलों में कुल 3,21,000/-रूपये का मशरुका बरामद करने में सफलता प्राप्त हुई है। जीआरपी ने वारदातों को अंजाम देने वाले आरोपी को भी धरदबोचा है। उस पर पहले से प्रकरण दर्ज हैं।    

यह है मामला

दिनांक 30.04.26 को फरियादी विजय विक्रम सिंह पिता कमलेश बहादुर सिंह उम्र 29 बर्ष निवासी केटी सरैय्या कनू विशेषरगंज थाना सरायपुर जिला अमेठी (उ.प्र.) ट्रेन नंबर 15067 बांद्रा टर्मिनल एक्स के कोच नंबर बी/1 बर्थ नंबर 33 पर अपनी पत्नी के साथ लखनऊ से वापी की यात्रा कर रहा था। यात्रा के दौरान फरियादी अपनी पत्नी का एक लेडीस पर्स जिसमे दो सोने की चैन वजनी 10-10 ग्राम ,एक जोड़ चाँदी की पायल एवं दो ग्राम सोने का नाक का काटा,नगदी 10,000 रूपये ,दो एटीएम आधार कार्ड ,घर की अलमारी की चाबी को बर्थ के पास टांग कर सो गया। ट्रेन के इटारसी आने के पहले नींद खुलने पर देखा तो खूटी पर टंगा लेडीस पर्स चोरी हो गया था। फरियादी की रिपोर्ट पर जीआरपी थाना खंडवा से केस डायरी जीआरपी थाना इटारसी को मिली थी।

सीसीटीवी खंगाले, मुखबिर लगाए

प्रकरण मे अपराध की गंभीरता को देखते हुये पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल द्वारा थाना प्रभारी निरीक्षक संजय चौकसे के नेतृत्व मे एक विशेष टीम को बरामदगी हेतु लगाया गया था। टीम ने भोपाल, रानीकमलापति एवं इटारसी स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों का कई बार बारीकी से विश्लेषण किया तथा मामले मे तकनीकी साक्ष्य ,मुखबिर तंत्र तथा स्थानीय गुप्तचर प्रणाली की मदद ली गई। 

टीम को मिली सफलता

जांच में जुटी टीम को 17.08.26 को स्टेशन एवं आउटर चेकिंग ड्यूटि के दौरान पार्सल आफिस के पीछे पानी की टंकी के पास भोपाल छोर रेल्वे स्टेशन इटारसी पर एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में घूमते दिखा। पुलिस टीम को देखकर वह भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अब्दुल इमरान पिता अब्दुल रहमान उम्र 36 बर्ष निवासी वार्ड नंबर 08 सुदामा नगर मस्जिद के पीछे पीपल मोहल्ला इटारसी का होना बताया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने रेल्वे स्टेशन इटारसी के आउटर और खड़ी ट्रेनों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देना स्वीकार किया । आरोपी से सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने जीआरपी थाना इटारसी के केस क्रमांक  326/26 ,87/26 ,33/26, 149/26, 324/26  धारा 305(सी) बीएनएस की घटना घटित करना स्वीकार किया। आरोपी द्वारा दिये गये मेमोरेंडम के अनुसार उक्त अपराधों में चोरी किया गया मशरुका ,नगदी व जैवरात मिलाकर कुल 3,21,000/- रुपए का सामान आरोपी के निवास स्थान से बरामद किया गया। आरोपी का आईसीजेएस पर आपराधिक रिकार्ड चेक किया गया,तो आरोपी का पूर्व आपराधिक रिकार्ड होने से आरोपी को  गिरफ्तार कर न्यायालय इटारसी के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय द्वारा आरोपी को जिला कारागार नर्मदापुरम भेज दिया गया है।  

    Leave a Reply