आवागमन में जनता होती है परेशान
इटारसी। रेलवे स्टेशन के सामने से इटारसी सिटी थाना तक की मुख्य सड़क को उत्कृष्ट और बेहतर सड़क बनाने के दावे किए गए थे, लेकिन जमीनी हकीकत इन दावों से बिल्कुल अलग नजर आ रही है। लंबे समय बाद भी सड़क के सुधार और व्यवस्थित विकास का काम दिखाई नहीं दे रहा है। नगरपालिका के जिम्मेदार इस सड़क की सूरत संवारने के अपने ही किए गए वादों और दावों को भुला बैठे हैं। इटारसी नगरपालिका प्रशासन ने करीब 3 साल पहले सिटी थाने से स्टेशन तक की सड़क को उत्कृष्ट सड़क बनाने की योजना बनाई थी। इस सड़क को इटारसी नपा ने शहर का चेहरा बताते हुए इसके सौंदर्यीकरण के लिए कई काम करने के दावे किए थे। समय बीतने के साथ ही वे सभी दावे और वायदे फाइलों के नीचे दबकर दम तोड़ चुके हैं। जिम्मेदारों की अनदेखी के चलते सड़क पर जगह-जगह पैबंद और उखड़ी सतह के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्टेशन क्षेत्र होने के कारण यहां दिनभर यात्रियों, ऑटो, दोपहिया और अन्य वाहनों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद सड़क की स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है।
स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि सड़क को उत्कृष्ट बनाने की बातें कई बार सामने आईं, लेकिन धरातल पर काम नजर नहीं आया। इस सड़क से आवागमन करना मुश्किल हो रहा है। सड़क में कई जगह गड्ढे होने से हादसों का खतरा बना हुआ है। इस मामले में नपाध्यक्ष पंकज चौरे ने कहा कि उस सड़क के सौंदर्यीकरण के लिए हम प्रयास कर रहे हैं। सड़क को ध्यान में रखकर प्लानिंग की जा रही है। जल्द ही सड़क की सूरत सुधारने का काम चालू किया जाएगा।
दिन भर में निकलते हैं 10 हजार वाहन
स्टेशन के सामने की यह सड़क शहर का प्रवेश द्वार है। शहर से बाहर जाने और अंदर आने के लिए ज्यादातर वाहन चालक इसी सड़क का उपयोग करते हैं। दिनभर इस सड़क पर दोपहिया से लेकर चार पहिया वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। इस सड़क से दिनभर में लगभग 10 हजार वाहनों की आवाजाही होती है बावजूद उसके सड़क को उत्कृष्ट रखने की तरफ किसी का ध्यान नहीं हैं।
