बिगड़ते हालात: मीनाक्षी चौक पर सीवेज प्रोजेक्ट की परेशानी

मीनाक्षी चौक पर बिगड़ रहे हालात से बढ़ी नाराजी
नर्मदापुरम। शहर में सीवेज प्रोजेक्ट पर काम कर रही भुगन इन्फ्रा कंपनी के काम की सुस्त रफ्तार के कारण आम जनता परेशान है। सीवेज प्रोजेक्ट के लिए शहर की सडक़ों पर और उसके किनारे की गई खुदाई से निकली मिट्टी बरसात में सडक़ पर गाद बनकर फैल गई है जिससे चलना मुश्किल हो गया है। सबसे बुरे हालात मीनाक्षी चौराहे पर हैं। मीनाक्षी चौराहे में दिन में कई बार ट्रेफिक जाम के हालात बन रहे हैं। मंगलवार दोपहर में मीनाक्षी चौराहे से गुजर रही नपाध्यक्ष नीतू यादव ने लग रहे जाम को देखकर कंपनी के काम के प्रति खासी नाराजी जताई। वे मीनाक्षी चौराहे के पास चल रहे कंपनी के काम को देखने पहुंची। यहां उन्हें काम की गति बेहद मंद नजर आई जिसके चलते उन्होंने नाराजी जताई। नाराज नपाध्यक्ष नीतू यादव ने सीवेज प्रोजेक्ट का काम समयसीमा में पूरा नहीं होने की दशा में कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की भी चेतावनी दे डाली।
कुछ दिन पहले तोड़ी थी पाइप लाइन
भुगन इन्फ्रा कंपनी के कर्मचारियों द्वारा सीवर लाइन बिछाने के काम में लापरवाही बरतने के मामले सामने आ रहे हैं। कंपनी की लापरवाही का खामियाजा आम जनता को उठाना पड़ रहा है। कंपनी द्वारा कहीं सडक़ के नीचे सीवर लाइन बिछाने के बाद रेस्टोरेशन के काम में लापरवाही बरती जा रही है तो कहीं पेयजल सप्लाई लाइन को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। कुछ दिनों पहले मीनाक्षी चौराहे के पास मुख्य पाइप लाइन को डेमेज कर दिया गया था जिससे शहर के कई वार्डों में पेयजल सप्लाई बाधित हो गई थी। नपा प्रशासन ने इस लापरवाही के चलते कोतवाली थाने में कंपनी के मैनेजर नरेंद्र सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। अब तक कंपनी के मैनेजर की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
आंखों से देखा तो भडक़ा गुस्सा
नपाध्यक्ष नीतू यादव ने मंगलवार को मीनाक्षी चौराहे के पास सीवेज प्रोजेक्ट के लिए किए जा रहे काम का निरीक्षण किया। मौके पर कंपनी द्वारा सिस्टमैटिक तरीके से काम करते नहीं पाए जाने और कंपनी द्वारा खोदे गए गड्ढे के कारण चौराहे पर लग रहे जाम के हालात देखकर कंपनी के प्रतिनिधियों से खासी नाराजी जताई। उन्होंने कहा कि सीवेज प्रोजेक्ट पर काम कर रही कंपनी को समयसीमा में काम खत्म करके देना होगा। अगर ऐसा नहीं किया जाएगा तो कंपनी के खिलाफ नपा प्रशासन द्वारा एफआईआर कराई जाएगी।
इनका कहना है
हमने भुगन इन्फ्रा कंपनी के अधिकारी और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि मीनाक्षी चौक का कार्य जल्द से जल्द करें और आमजन को होने वाली परेशानी से निजात दिलाएं। अगर सीवेज प्रोजेक्ट का काम समयसीमा में नहीं किया जाता है तो नपा प्रशासन कंपनी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने का कदम उठाएगा।
नीतू यादव, नपाध्यक्ष नर्मदापुरम

Leave a Reply