किसानों की समस्याओं को लेकर एसडीएम से मिले कांग्रेसी, मूंग और खाद का मुद्दा उठाया..

इटारसी। किसानों की समस्या को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवकांत गुड्डन पांडेय के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने इटारसी एसडीएम कार्यालय में एसडीएम नीलेश शर्मा से मुलाकात की। कांग्रेसियों ने मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा किसानों के साथ लगातार छल करने का मुद्दा उठाया। कांग्रेस नेताओं ने किसानों के हित मे मूंग खरीदी में फैली अव्यवस्थाओं को दूर करने एवं खाद बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराने की मांग को पुरजोर तरीके से अपनी बात रखी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पांडेय ने किसानों की मूंग की फसल को शीघ्र खरीदे जाने की मांग की ताकि किसानों की आर्थिक समस्या दूर हो सके। उन्होंने कहा कि कृषि मंडी (वेयर हाउस) एवं खरीदी केंद्रों पर धीमी गति से तुलाई की जा रही है जिसके कारण ट्रैक्टर ट्रालियों की लंबी लाईन तुलाई केन्द्रो पर लग रही है। बारिश का मौसम होने के कारण किसान परेशान है। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लगी होने के कारण यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष बाबू चौधरी ने कहा कि किसानों की कहीं कोई सुनवाई नहीं हो रही है। किसानों की इन समस्याओं के हल करने की तरफ राज्य सरकार बिल्कुल गम्भीर नहीं है।  इस अवसर पर जिला संगठन महासचिव मधुसूदन यादव, इंटक जिला अध्यक्ष शेख रमजान, जिला अनुशासन समिति अध्यक्ष धर्मेंद्र मालवीय, कांग्रेस नेता हरीश मालवीय, किसान कांग्रेस जिला महामंत्री अजय पटेल, किसान कांग्रेस नगर अध्यक्ष अखिलेश पटेल, जिला कांग्रेस प्रवक्ता अनिल रैकवार, चंद्रकांत बहारे, अनूप गांचले आदि कांग्रेस जन उपस्थित थे।

Leave a Reply