
नर्मदापुरम। जिले के माखन नगर ब्लॉक में इन दिनों जुआरियों की जमकर बैठक सज रही है। यह बैठक माखन नगर स्थित पांजरा खुर्द गांव के पास एक नाले के किनारे हो रही है। सूत्रों के मुताबिक जुआ फड़ का संचालन दो से तीन लोगों का सिंडिकेट का रहा है। इस जुआ फड़ के लिए बैठक स्थल पर पूरी व्यवस्थाएं जुटाई गई हैं। अंधेरा होते ही इस जुआ फड़ पर जुआरियों की मंडली बैठने लगती है। एक बार की बैठक में हजारों लाखों के गेम खेले जाते हैं। इस फड़ पर बनखेड़ी, रायसेन, भोपाल सहित आसपास के शहरों के बड़े खिलाड़ी खेलने आते हैं। इन खिलाड़ियों को किसी भी तरह की परेशानी से बचाने के लिए एक प्वाइंट भी गांव के एंट्री प्वाइंट पर लगाया जाता है ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी होने पर टाइम से फड़ स्थल तक सूचना पहुंचाई जा सके। अब बड़ा सवाल यह है कि पब्लिक डोमेन में जब इस जुआ फड़ को लोकेशन की चर्चा जोरों पर है तो माखन नगर थाना की पुलिस और उसके मुखबिर तंत्र को यह सूचना क्यों नहीं मिल पा रही है। लंबे समय से इस जुआ फड़ का संचालन हो रहा है और जिम्मेदारों के हाथ इन जुआ फड़ संचालकों तक नहीं जाना आपसी तालमेल का नतीजा भी हो सकता है, हालांकि हम इसकी पुष्टि नहीं करते हैं। जिले के पुलिस कप्तान साईं कृष्णा एस थोटा की इस मामले को गम्भीरता से लेकर एक गोपनीय छापामार कार्रवाई कराने की पहल से पब्लिक डोमेन में चल रही उन बातों का सच सामने आ सकता है।