अवैध शराब ले जा रहे एक युवक का पीछा करने में पलटी शराब ठेकेदार के गुर्गों की गाड़ी, पत्थर उचटकर लगने से दो ग्रामीण घायल…

नर्मदापुरम। नर्मदापुरम शहर से सटे डोंगरवाडा गाँव में स्कूटी से शराब का अवैध परिवहन करने निकले एक युवक का इनपुट मिलने पर शराब ठेकेदार के निगरानी तंत्र में शामिल युवकों ने बुलेरो से उसका पीछा किया। स्कूटी सवार युवक को भनक लगने पर उसने स्कूटी तेजी से भगाना चालू कर दी। स्कूटी की स्पीड बढ़ते ही शराब ठेकेदार के गुर्गों ने भी बुलेरो जीप को फिल्मी स्टाइल में अंधाधुंध भगाना चालू कर दिया। बुलेरो वाहन का चालक स्टीयरिंग पर संतुलन नहीं रख सका जिससे गाड़ी डोंगरवाडा के पास संकरे मोड़ पलटकर गिट्टी के ढेर पर जा गिरी। वाहन के गिरने से तेजी से उचटी गिट्टियां वहां से गुजर रहे एक पुरुष और एक महिला को जा लगी जिससे वे घायल हो गए।

सड़क पर दिखा मूवी का सीन

जानकारी के मुताबिक, पवारखेड़ा शराब दुकान की एक बोलेरो (MP 04 CP 2239) में सवार ठेकेदार के कर्मचारी स्कूटी पर अवैध शराब की पेटियां ले जा रहे एक तस्कर का पीछा कर रहे थे। दोनों वाहनों की रफ्तार इतनी तेज़ थी कि मानो सड़क पर कोई एक्शन फिल्म की शूटिंग चल रही हो। जैसे ही यह गाड़ियां डोंगरवाड़ा गांव के संकरे मोड़ पर पहुंचीं तो बेकाबू बोलेरो गिट्टी के ढेर पर चढ़कर पलट गई।

ग्रामीण बने शिकार, ड्राइवर हुआ फरार

गाड़ी पलटते ही गिट्टी के पत्थर गोलियों की तरह उछले और रास्ते से गुज़र रहे एक पुरुष और महिला को जा लगे। ये पत्थर इतनी तेजी उनको लगे कि उन्हें संभलने का मौका ही नहीं मिला। दोनों ग्रामीण मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। इस हादसे के बाद गांव में हड़कंप मच गया और सैकड़ों ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। खुद को घिरता देख और हादसे की भनक लगते ही चकमा देकर स्कूटी सवार तस्कर नौ दो ग्यारह हो गया, वहीं चोटिल बोलेरो सवार कर्मचारी भी गाड़ी छोड़कर रफूचक्कर हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस

सूचना मिलते ही देहात थाने से एसआई खुमान सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। देर रात तक पुलिस दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सीधा कराने में पसीना बहाती रही। देहात थाना प्रभारी ऊषा मरावी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में पत्थर लगने से एक महिला और पुरुष घायल हुए हैं। लापरवाही से गाड़ी चलाने वाले बोलेरो ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply