इटारसी। किसानों के डीएपी और यूरिया मिलना टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। डीएपी यूरिया नहीं मिलने से किसानों की चिंता बढ़ने लगी है जिससे अब उनका सब्र टूटने लगा है। इसी के चलते कृषि उपज मंडी के सामने डीएपी और यूरिया खाद न मिलने से आक्रोशित किसानों ने मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया। सुबह से कतार में लगे किसानों को कर्मचारियों ने यह कहकर खाद देने से मना कर दिया कि पोर्टल पर डेटा शो नहीं हो रहा है और वितरण का कोई वरिष्ठ आदेश नहीं मिला है।
प्रशासनिक अव्यवस्था से नाराज किसानों के सड़क पर बैठ जाने से मार्ग के दोनों ओर मालवाहक ट्रकों, बसों और कारों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात पूरी तरह ठप्प हो गया। किसान मांग कर रहे हैं कि तकनीकी खामी दूर कर तुरंत खाद का वितरण शुरू कराया जाए। इस मामले में एसडीएम नीलेश शर्मा ने कहा कि हम दिखवा लेते हैं कि क्या समस्या आ रही है। जल्द ही व्यवस्था दुरुस्त की जाएगी।
