इटारसी। वार्ड-25 में 50 मीटर की नई सीमेंट सड़क बनाई जा रही है। जल्द ही यह सड़क बनकर तैयार हो जाएगी मगर इसे पक्का होने में कम से कम का काम 7 दिन लगेंगे। ऐसे में इस सड़क पर लापरवाह वाहन चालक और मवेशी चहलकदमी कर इसे खराब ना करें, इसके लिए 7 दिन तक सड़क पहरे में रहेगी। निर्माणाधीन सड़क का काम देखने पहुँचे नपाध्यक्ष पंकज चौरे ने निरीक्षण के दौरान ठेकेदार को कड़े शब्दों में निर्देशित किया कि सिर्फ सड़क बनाना काफी नहीं है, सड़क की मजबूती के लिए जूट के बोरों से तराई करनी होगी ताकि सड़क मजबूत बने।
आपको बता दें कि शहर के वॉर्ड क्रमांक 25 (गौर आटा चक्की से मालवीय निवास तक) में बन रही नई सड़क का काम जल्द खत्म होने वाला है। सड़क की उम्र लंबी हो, इसके लिए अब सख्ती बरती जा रही है। अक्सर देखा जाता है कि सड़क बनते ही लोग आवाजाही शुरू कर देते हैं जिससे निर्माण कमजोर हो जाता है। इसी को देखते हुए नपाध्यक्ष पंकज चौरे ने साफ कर दिया है कि अगले 7 दिनों तक इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ठेकेदार को दो टूक कहा काम में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं होगा।
तराई में कोताही पर नाराजगी, बैरिकेडिंग के निर्देश
वार्ड पार्षद शुभम गौर के साथ मौके पर पहुंचे नपाध्यक्ष ने निर्माण की बारीकियों को देखा। उन्होंने पाया कि धूप के कारण कंक्रीट जल्दी सूख सकती है, जिससे दरारें आने का खतरा रहता है। नपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि पूरी सड़क पर जूट के बोरे बिछाए जाएं और नियमित रूप से पानी का छिड़काव (क्योरिंग) किया जाए।
सड़क पर बनेगा 7 दिन नो गो जोन।
लंबे समय से इस सड़क के निर्माण का इंतजार लोग कर रहे थे। अब जब यह सड़क पूरी होने वाली है तो लोग इसे सुरक्षित रखने की मांग भी कर रहे है। निरीक्षण पर पहुंचे नपाध्यक्ष पंकज के सामने यह विषय भी उठा। मामले की गंभीरता को समझते उन्होंने सड़क के दोनों सिरों पर तत्काल बैरिकेडिंग करने को कहा गया है ताकि न तो दुपहिया वाहन निकल सकें और न ही आवारा मवेशी सड़क को नुकसान पहुंचाएं।
इनका कहना है
हमने ठेकेदार को गुणवत्ता के निर्देश दिए हैं, लेकिन सड़क को मजबूती तभी मिलेगी जब स्थानीय नागरिक सहयोग करेंगे। 7 दिनों तक इस मार्ग को नो गो जोन बनाया गया है ताकि सीमेंट पूरी तरह सेट हो सके।

पंकज चौरे, अध्यक्ष, नगरपालिका इटारसी
