कार से शराब जब्ती के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता, नागपुर से गिरफ्तार हुआ तीसरा आरोपी

इटारसी पुलिस के हाथ आया तीसरा आरोपी संदीप मिहानी

इटारसी। इटारसी पुलिस ने पिछले महीने 24 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर एक सफेद कार को जब्त किया था। इस कार में अवैध शराब की बड़ी खेप यानि करीब 26 पेटी माल रखा था। शराब की यह खेप बैतूल से इटारसी खपाने लाई जा रही थी। पुलिस ने इस मामले के 2 आरोपियों को पहले ही पकड़ लिया था। इन आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने भाट मोहल्ला निवासी संदीप मिहानी को भी आरोपी बनाया था। इस आरोपी को पुलिस ने नागपुर से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

यह है मामला
दिनाँक 24 अप्रैल 26 को मुखबिर से थाना इटारसी में सूचना मिली कि एक सफेद रंग की टाटा कार में छिपाकर कुछ लोगो द्वारा बैतूल मार्ग से होते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब कर इटारसी लाई जा रही है। सूचना पर हरकत में आई इटारसी पुलिस ने टीम बनाकर उक्त कार एमपी 04 सीडब्ल्यू 0952 को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें से करीब 26 पेटी शराब जब्त हुई। इस मामले में आरोपी बनाए गए अब्दल जाहिद अंसारी एंव हेमंत राजपूत ने यह शराब संदीप मिहानी के कहने पर लाने की बात कही थी जिसके बाद पुलिस संदीप मिहानी के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज किया था।

फरार था मुख्य आरोपी

इटारसी पुलिस के अनुसार एक टाटा जेस्ट कार और 26 पेटी शराब सहित कुल  6 लाख 45 हजार का मशरूका जब्त होने की और प्रकरण में नाम आने की भनक लगने पर संदीप फरार हो गया था। जिसकी इटारसी पुलिस द्वारा लगातार खोज की जा रहा थी। साथ ही सायबर टीम की मदद से आरोपी को लगातार ट्रेस किया जा रहा था। इटारसी पुलिस के अनुसार 1 मई 2026 को पुलिस को आरोपी संदीप मिहानी के नागपुर के आसपास होने की सूचना मिली जिस पर आरोपी संदीप मिहानी 38 वर्ष निवासी भाट मोहल्ला इटारसी की  तलाश हेतू टीम को नागपुर रवाना किया गया। सायबर टीम की सहायता से आरोपी संदीप मिहानी को नागपुर से गिरफ्तार किया गया। शराब तस्करी के बहुचर्चित मामले में  थाना प्रभारी गौरव बुंदेला, उनि विपिन पाल, आरक्षक महेन्द्र गुर्जर, मनीष, राजकुमार झपाटे, सायबर टीम से आरक्षक संदीप यदुवंशी और  दीपेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

इनका कहना है

कार से शराब के अवैध परिवहन के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी संदीप मिहानी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे सायबर टीम की मदद से नागपुर से पकड़ा गया है। दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

गौरव सिंह बुंदेला, टीआई इटारसी थाना