श्रमिकों के संबंध में मिली थी शिकायत
नर्मदापुरम। मोहासा में ग्रू सोलर कंपनी का काम पालीवाल कंस्ट्रक्शन के पास है। इस फर्म के पास जो मजदूर काम कर रहे थे उन्हें मजदूरी का भुगतान फर्म ने नहीं किया था और चक्कर लगवाए जा रहे थे। श्रम कार्यालय को जब इन मजदूरों को मजदूरी नहीं दिए जाने की शिकायत मिली तो विभाग ने त्वरित कार्रवाई कर पालीवाल कंस्ट्रक्शन से मजदूरों को 75 हजार रुपए की मजदूरी का भुगतान कराया। जिला प्रशासन द्वारा प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं प्रभावी निराकरण से श्रमिकों को बड़ी राहत मिली। श्रम कार्यालय में प्राप्त एक शिकायत में आवेदक प्रेमचंद्र सहित अन्य 5 श्रमिकों (निवासी ग्राम कचनरवा, तहसील रावतगंज, जिला सोनभद्र, उत्तर प्रदेश) द्वारा मोहासा (तहसील माखननगर) स्थित ग्रू सोलर कंपनी में मजदूरी कार्य के बकाया भुगतान नहीं किए जाने की शिकायत दर्ज कराई गई थी। प्रकरण में तत्काल संज्ञान लेते हुए श्रम निरीक्षक सरिता साहू द्वारा कार्यालय स्तर पर दोनों पक्षों के मध्य बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान ठेकेदार संस्था पालीवाल कंस्ट्रक्शन के माध्यम से शिकायतकर्ताओं को कुल 75,000 रुपये की बकाया मजदूरी का भुगतान कराया गया। साथ ही श्रमिकों को 3,000 रुपये की वापसी यात्रा राशि भी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त श्रमिकों के लिए भोजन की व्यवस्था कराई गई तथा उनका पंजीयन उत्तर प्रदेश भवन निर्माण श्रमिक योजना के अंतर्गत कराया गया। शिकायतकर्ताओं ने प्रशासन द्वारा की गई त्वरित कार्रवाई पर संतोष व्यक्त करते हुए आभार प्रकट किया।

