इटारसी। नगर कांग्रेस कमेटी के विरोध प्रदर्शन में नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी को नई उपमा दे डाली। कांग्रेस ने जयस्तंभ चौक से सांसद दर्शन सिंह चौधरी को आंदोलनवीर घोषित करते हुए किसान विरोधी करार दिया और फिर भाजपा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए सांसद का पुतला जलाया। नगर कांग्रेस द्वारा किसानों की विभिन्न समस्याओं एवं गेहूं खरीदी में हो रही भारी अव्यवस्थाओं को लेकर यह विरोध प्रदर्शन किया गया। नगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जयस्तंभ चौक पर एकत्रित होकर भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपने प्रदर्शन से किसानों का समर्थन जुटाने की राह पर कदम बढ़ाया। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार पर यह आरोप भी मढ़े कि भाजपा सरकार की गलत नीतियों एवं कुप्रबंधन के कारण किसानों को गेहूं बेचने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसान कई दिनों से खरीदी केंद्रों के चक्कर लगाने को मजबूर हैं, लेकिन उनकी फसल की समय पर खरीदी नहीं हो पा रही है।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष का कटाक्ष
नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने सांसद दर्शन सिंह चौधरी को जमकर लपेटा। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा चुने गए सांसद दर्शन चौधरी पहले “आंदोलन वीर” के रूप में अपनी पहचान बनाते थे और आंदोलनों के दम पर ही जनता ने उन्हें संसद तक पहुंचाया, लेकिन आज वही सांसद किसानों की समस्याओं पर मौन बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि किसानों की फसल खेतों और मंडियों में पड़ी हुई है, लेकिन सांसद किसानों की आवाज उठाने के बजाय चुप्पी साधे हुए हैं। यदि सांसद किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं करा सकते और गेहूं खरीदी को सुचारु रूप से प्रारंभ नहीं करा सकते, तो उन्हें नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। कांग्रेस किसानों के हक की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी और जब तक किसानों को न्याय नहीं मिलेगा तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
सांसद के खिलाफ भी गूंजे नारे
कांग्रेस के इस प्रदर्शन में खासी धार देखने को मिली। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार एवं सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं और पदाधिकारियों ने सांसद दर्शन सिंह चौधरी के नाम से अलग-अलग तरह के नारे लगाकर लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींचा। नारेबाजी के बाद जयस्तंभ चौक पर सांसद दर्शन चौधरी का पुतला दहन कर किसानों के समर्थन में विरोध दर्ज कराया गया।
यह रहे मौजूद
नगर कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर हुए इस प्रदर्शन में प्रमुख रूप से कांग्रेस नेता योगेश त्रिवेदी, सोनू बकोरिया, पिंकी शर्मा, अतुल तिवारी, रामशंकर सोनकर, राजेंद्र गोस्वामी, शेख फारूक, बल्ला यादव, डीके मासाब, अमित परदेसी, पिंटा भद्रेले, मनीष सोनी, मोहम्मद इमरान खान, कृष्णा चौधरी, अर्जुन कुचबंदिया,शेख रफीक, राहुल दुबे, मोंटू मालवी, सागर सेन,पप्पी कलोसिया, मोंटू ठाकुर, टीकाराम बंजारा आदि मौजूद थे।
