इटारसी। इटारसी में वाटर सप्लाई के अपग्रेडेशन के लिए अमृत 2.0 योजना(amrit 2.0 project) के नाम से करीब साढ़े 6 करोड़ रूपये के प्रोजेक्ट को स्वीकृति मिली है। 22 जनवरी 2025 को प्रॉजेक्ट के लिए वर्क ऑर्डर जारी होने से बाद से करीब डेढ़ साल का समय बीत गया है। इस दौरान प्रोजेक्ट के तहत करीब 55 फीसदी काम हो गया है। इसकी डेड लाइन 2 साल तय की गई है। इस प्रोजेक्ट में किए जा रहे निर्माण कार्यों की हकीकत जानने एसडीएम नीलेश शर्मा के साथ जिम्मेदार मातहत अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने मौके पर जाकर अब तक हुए काम का आकलन किया और कंस्ट्रक्शन एजेंसी को काम में गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश दिए।
ये अफसर रहे मौजूद
नगर में अमृत-2.0 योजना अंतर्गत संचालित जल प्रदाय परियोजना(water supply project) के कार्यों का निरीक्षण करने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नीलेश शर्मा, मुख्य नगर पालिका अधिकारी रितु मेहरा, नगर पालिका के इंजीनियर मयंक अरोरा एवं टाटा कंपनी के इंजीनियरों की टीम पहुंची। निरीक्षण के दौरान परियोजना से संबंधित विभिन्न निर्माण कार्यों एवं प्रगति की समीक्षा की गई।
प्रस्तावित कार्यों को नजदीक से देखा
अधिकारियों द्वारा निर्माणाधीन उच्च स्तरीय टंकियों (OHT), जल वितरण पाइपलाइन बिछाने के कार्य, घरेलू नल कनेक्शन एवं प्रस्तावित SCADA प्रणाली से संबंधित कार्यों का स्थल पर जाकर निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान संबंधित एजेंसी एवं तकनीकी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि सभी कार्य निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं तय समय सीमा में पूर्ण किए जाएं।
यह दिए निर्देश
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) नीलेश शर्मा ने निर्देश दिए कि कार्य के दौरान आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही जहां पाइपलाइन कार्य पूर्ण हो चुका है वहां सड़क एवं मार्गों का शीघ्र सुधार कार्य भी सुनिश्चित किया जाए। मुख्य नगर पालिका अधिकारी रितु मेहरा एवं इंजीनियर मयंक अरोरा द्वारा कार्य एजेंसी को नियमित मॉनिटरिंग करते हुए निर्माण कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
6.50 करोड़ की है योजना
उल्लेखनीय है कि अमृत-2.0 योजना अंतर्गत इस परियोजना में नवीन 02 नग उच्च स्तरीय टंकियों (OHT) का निर्माण, लगभग 42.50 कि.मी. जल वितरण पाइपलाइन, 807 घरेलू नल कनेक्शन एवं आधुनिक SCADA प्रणाली स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। परियोजना की कुल स्वीकृत लागत राशि रु. 6.53 करोड़ है तथा कार्य अवधि 02 वर्ष निर्धारित की गई है। परियोजना का कार्यादेश दिनांक 22 जनवरी 2025 को जारी किया गया था। परियोजना की वर्तमान स्थिति अनुसार लगभग 55 प्रतिशत भौतिक प्रगति प्राप्त की जा चुकी है। परियोजना पूर्ण होने के उपरांत इटारसी नगर के नागरिकों को बेहतर, नियमित एवं सुचारु पेयजल सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।


