65 साल पुरानी पाइप लाइन की जल्द होगी विदाई, पुरानी इटारसी में जल्द शुरू होगी नई पाइप लाइन से जल सप्लाई..

पुरानी इटारसी में शुरू हुआ 12 इंच की नई लाइन डालने का काम, 1961 के बाद पहली बार हुआ बदलाव;

नपाध्यक्ष ने 120 मीटर की नई सड़क का भी किया निरीक्षण

इटारसी | पुरानी इटारसी के हजारों रहवासियों को अब नलों से आने वाले ‘गंदे पानी’ की समस्या से स्थाई मुक्ति मिलने वाली है। यहां साल 1961, यानी लगभग साढ़े छह दशक पहले बिछाई गई जर्जर पाइपलाइन को बदलने का काम आखिरकार शुरू हो गया है। नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने शनिवार को मौके पर पहुंचकर चल रहे पाइपलाइन और सड़क निर्माण कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान नपाध्यक्ष पंकज चौरे, आदित्य पांडे उपयंत्री, वरिष्ठ पार्षद शिवकिशोर रावत, पार्षद जिमी केथवास, पार्षद प्रतिनिधि मनीष चौधरी,एल्डरमैन मयंक मेहतो मौजूद थे। नगरपालिका अध्यक्ष पंकज चौरे ने बताया कि पुरानी पाइप के स्थान पर नई पाइप लाइन बिछाने के लिए सडक खोदी जा रही है, जैसे ही पाइप लाइन की टेस्टिंग पूरी हो जाएगी, सडक पर दोबारा सीमेंटीकरण कराया जाएगा। इस कार्य में देरी नहीं होगी।

1961 की जर्जर लाइन बनी थी सिरदर्द..
पुरानी इटारसी के वार्ड 06 में जबलपुर रेल लाइन के किनारे से श्रीराम मेडिकल तक मुख्य पेयजल सप्लाई लाइन बेहद जर्जर हो चुकी थी। यह पाइपलाइन साल 1961 के आसपास बिछाई गई थी। समय के साथ लोहे की पाइपलाइन गल गई थी, जिसके कारण लीकेज की समस्या आम थी।

क्यों जरूरी था बदलाव:
पुरानी पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण जब नगर पालिका पानी की सप्लाई शुरू करती थी, तो शुरुआती 10-15 मिनट तक नलों से गंदा और बदबूदार पानी निकलता था। रहवासी लंबे समय से इसकी शिकायत कर रहे थे। अब यहां 12 इंच की नई ‘डीआई केनाइन’ (DI K9) लोहे की पाइपलाइन बिछाई जा रही है।

वार्ड 04 में नई सड़क बनेगी
पेयजल लाइन के साथ ही वार्ड 04 में बुनियादी ढांचे पर काम शुरू हुआ है। यहां 120 मीटर लंबी नई सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है। नपा अध्यक्ष ने इंजीनियरों को निर्देश दिए कि गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

क्या कहते हैं जिम्मेदार:
पुरानी इटारसी के रहवासी काफी समय से गंदे पानी की शिकायत कर रहे थे। जांच में पता चला कि पाइपलाइन बहुत पुरानी (1961 की) हो चुकी है। अब 12 इंच की नई पाइपलाइन डाली जा रही है ताकि लोगों को शुद्ध जल मिल सके।”
पंकज चौरे, अध्यक्ष, नगरपालिका इटारसी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *