सिंचाई विभाग की जमीन पर हो गया था पक्का निर्माण, किसानों की शिकायत पर चली जेसीबी..

नर्मदापुरम। जिला मुख्यालय से सटे क्षेत्रों में सिंचाई विभाग की जमीन पर कॉलोनाइजरों के साथ ही अन्य लोगों ने कब्जा कर पक्के निर्माण कर रखे है। ऐसे ही दो अतिक्रमण पंखी तिराहे पर अग्रवाल इंपीरिया कॉलोनी परिसर और रामानंद सागर मैरिज गार्डन के नाम पर किया गया था। इन दोनों ही जगहों पर नहर की जमीन दबाई गई थी। पिछले दिनों किसानों ने जिला प्रशासन को इन अतिक्रमण के संबंध में शिकायत की थी कि उन्हें निकलने का रास्ता नहीं है और पानी मिलने में भी दिक्कत होती है। किसानों की इस शिकायत के बाद कलेक्टर कार्यालय से ऐसे अतिक्रमणों को हटाने के निर्देश दिए गए थे। उन निर्देशों के पालन में दोनों ही जगहों पर जेसीबी चलाकर अतिक्रमण को हटाया गया। यहां से अतिक्रमण हटाकर इतनी जगह निकाली गई है कि किसानों के ट्रैक्टर भी आसानी से आवागमन कर सकें।

यह है हकीकत

करीब एक साल पहले सिंचाई विभाग ने ऐसे अतिक्रमणकारियों को चिन्हित किया था जिन्होंने सिंचाई विभाग की नहर की जमीनों पर कब्जा किया हुआ है। इन सभी को नोटिस जारी किए गए थे मगर उसके बाद खुद विभाग ने मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया है। अब भी कई बिल्डरों ने नहर की जमीनों पर कब्जा किया हुआ है। शहर में रविवार को पंखी तिराहा स्थित अग्रवाल इंपीरिया में पानी के चेंबर सहित अन्य अतिक्रमण को जेसीबी के माध्यम से हटाया गया। इसके साथ ही एसपीएम स्थित रामानंद सागर मैरिज गार्डन में भी नहर की जमीन पर एक पुलिया बना दी गई थी, जिसे जेसीबी की मदद से तोड़ा गया।

कार्रवाई के पीछे आदेश की मजबूरी

इस पूरी कार्यवाही में तहसीलदार सरिता मालवीय, नहर के एसडीओ प्रमोद जाटव सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे। तहसीलदार सरिता मालवीय ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। किसानों ने नहर की जमीन पर कब्जा और उन्हें रास्ता नहीं मिलने की शिकायत की थी जिस पर अग्रवाल इंपीरिया और रामानंद मैरिज गार्डन पर कार्रवाई की गई। किसानों को रास्ता दिलाया और ट्रैक्टर निकालने की जगह बनाई गई। दोनों जगहों पर नहर की जमीन से अतिक्रमण हटाया गया।

पहले भी हो चुकी है शिकायत…..

हरदा बाईपास पर अनेक अवैध कॉलोनी बन रही है, यहां नियमों को ताक पर रखकर प्लाट काट दिए गए हैं। जागरूकता के अभाव में लोगों ने प्लॉट भी ले लिए है मगर अब स्थिति ये है कि अवैध कॉलोनियों की देखभाल नहीं की जाती है। बिल्डर समस्याओं की अनसुनी कर देते हैं इससे यहां के रहवासी परेशान हैं।

इनका कहना है…..

कलेक्टर के निर्देश पर यह कार्यवाही की गई है। नहर की जमीन से अतिक्रमण हटाया जा रहा है। किसानों को पानी नहीं मिलने और रास्ते से निकलने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा था। इसकी शिकायत की गई थी, इसके चलते जेसीबी से दोनों जगहों से कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाया गया।

सरिता मालवीय, तहसीलदार, नर्मदापुरम।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *