शिकायत के बाद मामले में शुरू हुई जांच
इटारसी। इटारसी शहर में 2200 नस्तियों (2200 nasti)पर 13 करोड़ 78 लाख 60 हजार 782 रुपए के भुगतान के मामले में हुई शिकायत ने इटारसी नगरपालिका परिषद के जिम्मेदार अफसरों और जनप्रतिनिधियों की नींद उड़ा दी है। इस शिकायत के बाद लोकायुक्त भोपाल, संभागीय सतर्कता समिति और संचालक स्थानीय संपरीक्षा विभाग ने जांच शुरू कर दी है। शिकायत के बाद नपा के जिम्मेदारों से जवाब-तलब शुरू हो गए हैं। शिकवे-शिकायत और जांच की इस नूरा कुश्ती के बीच एक सवाल अब अनसुलझा ही है। वह सवाल यह है कि आखिर उन 2200 नस्तियों में जिन सामग्रियों की खरीदी का जिक्र है वे सामग्रियां आखिर हैं कौन सी? इसका जवाब ना तो शिकायतकर्ता की तरफ से दिया गया है और ना ही इटारसी नगरपालिका(itarsi nagarpalika)के जिम्मेदार इस पर बात करना चाह रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इटारसी नपा में खुद की बड़ी पैठ साबित करने वाले शहर के तथाकथित जागरुक चेहरे भी इन नस्तियों के अंदर के मसाले को लेकर चुप्पी साधकर बैठे हैं।
यह हुई शिकायत
10 दिसंबर 2025 को नयायार्ड निवासी आरटीआई एक्टिविस्ट सुरेश चिचवारे(suresh chichware)
ने लोकायुक्त संगठन भोपाल कार्यालय को की लिखित शिकायत में कहा है कि
म.प्र. नगर पालिका (लेखा एवं वित्त) नियम-2018 के नियम 85(2) का उल्लंघन करते हुए नगरपालिका परिषद इटारसी के अधिकारियों द्वारा ऑडिटर रूपलाल भारती के सहयोग से अगस्त 2022 से जुलाई 2025 की अवधि में नियमों को ताक पर रखकर लगभग 2200 नस्तियां तैयार कर उनके माध्यम से विभिन्न सामग्रियों का क्रय दिखाकर लगभग 13,78,60,782 रुपए का विधि विरूद्ध भुगतान किया है। शिकायत में यह भी कहा गया है कि स्थानीय निधि संपरीक्षा द्वारा नियुक्त ऑडिटर द्वारा भुगतान से पूर्व प्रत्येक नस्ती की ऑडिट की जाती है। ऑडिट के बाद संबंधित ऑडिटर द्वारा संबंधित पेमेंट वाउचर पर चेक्ड एंड पास्ड फॉर पेमेंट की टीप अंकित कर हस्ताक्षर किये जाते हैं, इसके बाद ही भुगतान किया जाता है।
ऑडिटर पर सीधा हमला
शिकायत में कहा गया है कि लंबे समय से नगर पालिका परिषद इटारसी में ऑडिटर रूपलाल भारती पदस्थ हैं। म.प्र. नगर पालिका (लेखा एवं वित्त) नियम 2018 के नियम 85(2) के अनुसार एक लाख रुपये से कम की सामग्री एक माह में अधिकतम दो बार ही खरीदी जा सकती है। इसके विपरीत नगर पालिका परिषद इटारसी के जिम्मेदारों द्वारा अगस्त 2022 से जुलाई 2025 की अवधि में विधि विरूद्ध ढंग से लगभग 2200 नस्तियां तैयार कर उनके माध्यम से विभिन्न सामग्रियों का क्रय दर्शाया गया है और ऑडिटर रूपलाल भारती के सहयोग से लगभग 13,78,60,782 रुपए का विधिविरुद्ध भुगतान किया गया है। इस ऑडिटर रूपलाल भारती भी शासकीय राशि के दुर्विनियोग या गबन में बराबर के सहभागी है।
लोकायुक्त कार्यालय ने मांगा जांच प्रतिवेदन
इस शिकायत पर सचिव लोकायुक्त कार्यालय भोपाल द्वारा पत्र दिनांक 23/12/2025 के माध्यम से अध्यक्ष, संभागीय सतर्कता समिति लोकायुक्त कार्यालय भोपाल से संबंधित शिकायत की जांच कर दिनांक 17/03/2026 तक जांच प्रतिवेदन देने के लिये निर्देशित किया गया है। अध्यक्ष संभागीय सतर्कता समिति लोकायुक्त संगठन भोपाल द्वारा पत्र दिनांक 24/12/2025 के माध्यम से शिकायतकर्ता सुरेश चिचवारे को दिनांक 16/01/2026 को साक्ष्य हेतु उपस्थित होने के लिये निर्देशित किया गया था। चिचवारे ने संभागीय सतर्कता समिति, भोपाल के समक्ष प्रस्तुत होकर साक्ष्य प्रस्तुत किये हैं।
यहां भी की शिकायत
आरटीआई एक्टिविस्ट सुरेश चिचवारे ने भोपाल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही संचालक स्थानीय निधि संपरीक्षा सतपुड़ा भवन भोपाल को भी 11 सितंबर 2025 को शिकायत प्रस्तुत की थी। इस संबंध में अपर संचालक स्थानीय निधि संपरीक्षा भोपाल द्वारा पत्र दिनांक 10 दिसंबर 2025 के माध्यम से ऑडिटर रूपलाल भारती को 15 दिवस में तथ्यात्मक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के लिये निर्देशित किया गया था।
सोशल मीडिया में भी नहीं हुआ खुलासा
इटारसी नगरपालिका से जुड़े मामलों में शिकवे-शिकायतों की जानकारी या उसमें हुआ कोई भी अपडेट चंद मिनटों में सोशल मीडिया पर छा जाता है। इस मामले में भी कुछ ऐसा ही हुआ। 2200 नस्तियों से 1३.७८ करोड़ रुपए के नियमविरुद्ध भुगतान की जांच की सूचना सोशल मीडिया पर खूब छाई मगर नस्तियों में किन-किन सामग्रियों की खरीदी हुई या बिना खरीदी हुए ही नस्तियां बन गईं इस पर उन तथाकथित नपा के एक्सपर्ट माने जाने वाले चेहरों से कोई टिप्पणी नहीं आना भी चर्चाओं का विषय बना रहा।
इनका कहना है
हमने इटारसी नपा में नियमविरुद्ध तरीके से तैयार की गई 2200 नस्तियों के माध्यम से 13 करोड़ 78 लाख रुपए से ज्यादा का नियम विरुद्ध भुगतान करने की शिकायत लोकायुक्त संगठन भोपाल में की थी। इस मामले में जांच शुरू हो गई है। हमसे भी दस्तावेज मांगे गए थे जो हमने पेशी पर उपस्थित होकर उपलब्ध करा दिए हैं। इस मामले में ऑडिटर और इटारसी नपा के जिम्मेदारों की सांठगांठ है। उन पर कड़ी कार्रवाई होना चाहिए।
सुरेश चिचवारे, शिकायतकर्ता नयायार्ड
जिन नस्तियों की आप बात कर रहे हैं उसमें किन सामग्रियों की खरीदी हुई है इसकी जानकारी हमें नहीं है। कई बार ऐसा होता है कि तमाम प्रयासों के बाद भी कुछ फाइलों की जानकारी हम तक नहीं आ पाती है, अब आप इसे कुछ भी समझें मगर सच यही है कि इन नस्तियों में क्या है इसकी जानकारी हमें भी नहीं है।
यज्ञदत्त गौर, पूर्व पार्षद इटारसी नपा
2200 नस्तियों के माध्यम से 13 करोड़ 78 लाख रुपए से ज्यादा का नियमविरुद्ध भुगतान कोई छोटी बात नहीं है। इस मामले में जो शिकायत हुई है उसका सच जल्द ही बाहर आ जाएगा। अगर नियमविरुद्ध तरीके से भुगतान किया गया है तो इस मामले में शासन को जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करना चाहिए ताकि जनता के पैसों का कोई दुरुपयोग ना करे।
शिवकिशोर रावत, भाजपा पार्षद वार्ड 4
जिस मामले की आप बात कर रहे हैं उस पर हुई शिकायत की जांच चल रही है। 2200 नस्तियों में किन सामग्रियों की खरीदी हुई है इस बारे में अभी तत्काल कुछ नहीं कह सकते हैं।
रितु मेहरा, सीएमओ इटारसी
