दुबई के आसमान में चमकाया भारत का नाम, कांग्रेस नेताओं ने किया इंडियन टीम में शामिल जिले के दो खिलाड़ियों का सम्मान..

इटारसी। दुबई में आयोजित अंतरराष्ट्रीय सेस्टोबॉल टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओमान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। रोमांचक फाइनल मुकाबले के दौरान स्टेडियम दर्शकों से खचाखच भरा रहा और जीत के साथ ही दुबई की धरती पर भारत का तिरंगा शान से लहराया, जिससे पूरे मैदान में उत्साह और गर्व का माहौल बन गया। इस विजेता टीम में मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले से दो खिलाड़ी वेदांत पटेल पिता शिव मोहन पटेल और साहिल सिंह सिसोदिया पिता गणपत सिंह सिसोदिया शामिल रहे। दोनों खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन किया और फाइनल में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैच के बाद अंतरराष्ट्रीय आधिकारिक रेफरी ने भारतीय टीम के खेल की सराहना करते हुए कहा कि खिलाड़ियों ने अनुशासन, तेज़ी और शानदार तालमेल का परिचय दिया। मध्य प्रदेश सेस्टोबॉल टीम के कोच उत्कर्ष मालवीय (इटारसी) ने भी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह जीत उनकी निरंतर मेहनत, समर्पण और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने विशेष रूप से वेदांत और साहिल की सराहना करते हुए कहा कि दोनों ने प्रदेश का नाम अंतरराष्ट्रीय मंच पर गौरवान्वित किया है। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन करने वाले इन दोनों खिलाड़ियों से  जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पाण्डेय, नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी, अतुल तिवारी, राजेंद्र गोस्वामी और राहुल दुबे ने उनके घर पहुंचकर शुभकामनाएं दीं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुड्डन पांडे ने कहा कि यह जीत न केवल भारतीय टीम के लिए, बल्कि मध्य प्रदेश और नर्मदापुरम जिले के लिए भी गर्व का क्षण बन गई है। नगर कांग्रेस अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने कहा कि जिले की दोनों प्रतिभाओं ने दुबई की धरती पर भारत का तिरंगा लहराकर देश का गौरव बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *