बस स्टैंड का मुद्दा बना जनता के लिए आफत, कांग्रेस नेताओं ने बैठक में की स्थाई हल निकलवाने पर चर्चा..

फिर होगी कांग्रेस की प्रशासन से चर्चा
इटारसी। नीमबाड़ा के पास स्थित पुराने बस स्टैंड पर 5 मिनिट के लिए बसें आने का निर्णय होने के बाद भी अब तक बसों के स्टॉपेज शुरू नहीं हो पाए हैं। इसके पीछे प्रशासन और बस संचालकों के बीच बनने वाला एक शपथपत्र है जिसको लेकर बस संचालक डरे हुए हैं उधर प्रशासन भी बिना शपथपत्र के बसों का संचालन शुरू नहीं करने देने की बात पर अड़ा हुआ है। इन दोनों पक्षों के बीच चल रही खींचतान के कारण हजारों लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। परेशान होने वालों में स्कूल कॉलेज के विद्यार्थी, सब्जी विक्रेता और ग्रामीण क्षेत्र के लोग ज्यादा हैं। आम आदमी को हो रही इस परेशानी को देखते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पाण्डेय और नगर अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने बस मालिकों एवं बस एजेंटों के साथ बैठक में चर्चा की।
बैठक के दौरान जिलाध्यक्ष शिवाकांत गुड्डन पाण्डेय ने शहर के व्यापारियों, छात्रों और आम जनता को हो रही परेशानियों से बस मालिकों को अवगत कराया। उन्होंने कहा कि बसों के अनियमित ठहराव और अव्यवस्था के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर बस मालिकों और एजेंटों ने आश्वासन दिया कि यदि 10 मिनट का निर्धारित स्टॉपेज तय किया जाता है तो वे सभी उसका पालन करने के लिए सहमत हैं।
नगर अध्यक्ष कन्हैया गोस्वामी ने बस स्टैंड पर नगर पालिका की ओर से सफाई, पेयजल एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं न होने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाओं के अभाव में आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने बस संचालकों को बताया कि इस संबंध में शीघ्र ही एसडीएम एवं आरटीओ अधिकारी से चर्चा कर उन्हें पूरे मामले से अवगत कराया जाएगा, ताकि समस्या का स्थायी समाधान निकाला जा सके।, इस अवसर पर कांग्रेस नेता ओम सेन, शेख रमजान, अतुल तिवारी, सोनू बकोरिया, पिंकी शर्मा, जिला प्रवक्ता अनिल रैकवार, अनूप गाचले, मनीष सोनी, राजेंद्र गोस्वामी, बबलू बस्तरवार  सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष गुड्डन पांडे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *