जिन पर है अवैध वेंडरिंग रोकने की जिम्मेदारी, उनके सामने ही डीआरएम के समक्ष राज्यसभा सांसद ने खोली इटारसी जंक्शन पर अवैध गोरखधंधे की पोल….

इटारसी। इटारसी रेलवे स्टेशन पर अवैध वेंडरिंग और आपराधिक गतिविधियों के मामले अक्सर सामने आते हैं। स्टेशन के सभी प्लेटफार्मों और आउटर पर अवैध वेंडर्स सक्रिय हैं। अवैध वेंडरिंग का यह गोरखधंधा कथित तौर पर मिलीभगत से संचालित हो रहा है हालांकि कई बार अवैध वेंडरों की धरपकड़ करके यह दिखाने की कोशिश की जाती है कि इटारसी जंक्शन पर सब कुछ ऑल इज़ वेल है मगर पर्दे के पीछे की सच्चाई कुछ और ही है। एक बार फिर से राज्यसभा सदस्य माया नारोलिया ने डीआरएम पंकज त्यागी के सामने इस मुद्दे को उठाकर इस गोरखधंधे और इसे संरक्षण देने पर चोट देने का काम किया है। इटारसी जंक्शन की अवैध वेंडरिंग पर राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने चिंता जताई। उन्होंने बुधवार को भोपाल मंडल के डीआरएम पंकज त्यागी से इस पर तत्काल सख्त कार्रवाई की मांग की। डीआरएम त्यागी इटारसी में दो अमृत भारत ट्रेनों के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। उनके सामने वे सभी विभागीय जिम्मेदार मौजूद थे जिन पर अवैध वेंडरिंग को रोकने की जिम्मेदारी है  दरअसल यह विषय ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने के कार्यक्रम के बाद स्टेशन अधीक्षक कक्ष में जनप्रतिनिधियों और रेलवे अधिकारियों की बैठक में उठा। राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने बैठक में अवैध वेंडरिंग से जुड़ी आपराधिक गतिविधियों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने डीआरएम को बताया कि उन्होंने स्वयं स्टेशन परिसर में अवैध वेंडरों को देखा है और इस पर तुरंत रोक लगनी चाहिए। अवैध वेंडरों के कारण स्टेशन परिसर में अक्सर लड़ाई-झगड़े, गैंगवार और गुंडागर्दी जैसी घटनाएं होती हैं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा खतरे में पड़ती है। उन्होंने कहा कि इटारसी स्टेशन बहुत महत्वपूर्ण जंक्शन है जहां प्रतिदिन लगभग 150 ट्रेनों का आवागमन होता है जिनमें लाखों यात्री प्रतिदिन यात्रा करते हैं इसलिए इस विषय पर ध्यान दिया जाना जरूरी है। राज्यसभा सदस्य नारोलिया ने डीआरएम पंकज त्यागी से अवैध वेंडरिंग पर तत्काल सख्त कार्रवाई करने और स्टेशन परिसर को सुरक्षित व व्यवस्थित बनाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए मगर इसकी कमी दिखती है। इस बैठक में सांसद दर्शन सिंह चौधरी, बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रीति शुक्ला, बड़ी संख्या में बीजेपी नेता, आरपीएफ और जीआरपी के थाना प्रभारी सहित रेलवे अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

संसद में भी उठा था मामला

इटारसी जंक्शन पर अवैध वेंडरिंग का मामला उठना पहली बार का घटनाक्रम नहीं है। इससे पहले भी राज्यसभा सदस्य ने आरपीएफ के डीजी से दिल्ली में मुलाकात कर इटारसी जंक्शन की अवैध वेंडरिंग का मामला उठाकर शिकायत की थी जिसके बाद तत्कालीन आरपीएफ थाना प्रभारी से सवाल जवाब हुए थे। इससे भी पहले पूर्व सांसद राव उदयप्रताप सिंह ने भी अवैध वेंडरिंग का मामला संसद में उठाकर इटारसी जंक्शन पर हलचल मचा दी थी। अब फिर से अवैध वेंडरिंग के जिन्न का बोतल से बाहर आना कई जिम्मेदारों के लिए परेशानी का कारण बनेगा।