नर्मदापुरम। इटारसी से होशंगाबाद जाने वाले पुराने नेशनल हाईवे 69 की सड़क पर बुधवार रात 11.30 बजे एक ट्रक मौत बनकर दौड़ा। इस ट्रक ने 14 किमी की दूरी के बीच करीब 8 से 10 लोगों को टक्कर मारी। ट्रक से टकराने वाले लोगों की किस्मत अच्छी रही कि किसी की जान नहीं गई। ट्रक ड्राइवर ने लापरवाहीपूर्वक ट्रक को इटारसी से नर्मदापुरम तक दौड़ाया और तीन स्थानों पर अलग अलग बाइक को टक्कर मार दी। इसी ट्रक ने नर्मदा अस्पताल के एक डॉक्टर की कार को भी उस वक्त कट मारा जब वे उज्जैन से वापस लौट रहे थे। इस घटनाक्रम में करीब 8 से 10 लोगों के घायल होने की सूचना है। लापरवाही से दौड़ते ट्रक का लोगों द्वारा पीछा कर उसे रसूलिया में एसबीआई बैंक के पास पकड़ा। ड्राइवर ने ब्रिज उतरते ही रॉन्ग साइड ट्रक डाल दिया जहां ट्रैफिक होने के कारण ड्राइवर को ट्रक को रोकना पड़ा। पीछा कर रहे लोगों ने ड्राइवर को नीचे उतारकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। ड्राइवर की हालत ज्यादा खराब देख कुछ लोगों ने भीड़ से उस ड्राइवर को बचाया। सूचना मिलते ही देहात थाने से पुलिस स्टॉफ मौके पर पहुंचा। पुलिस ने उस ड्राइवर और ट्रक को थाने ले गई। ड्राइवर नशे में धुत मिला।
पूछताछ में ड्राइवर ने अपना नाम सत्यम पिता रामजी तिवारी निवासी नागपुर होना बताया। एसआई अरविंद बेले ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ड्राइवर ने कोयला लेकर नागपुर से इटारसी आने की बात कही है। नर्मदा अस्पताल के मनोज सारन ने बताया कि हादसे में वैदिक विहार निवासी ग्रुप डी कर्मचारी सोनू राजपूत और सेठा हॉस्पिटल से उपचार कराकर वापस इटारसी लौट रही थी। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है।
