नर्मदापुरम। संसद की सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की बैठक गुरुवार को यशोभूमि (आईआईसीसी–इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर), द्वारका में आयोजित की गई। बैठक में बतौर सदस्य राज्यसभा सांसद माया नारोलिया सम्मिलित हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने की। इस अवसर पर माया नारोलिया ने केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी का स्वागत भी किया। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा एवं हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित रहे।
नर्मदापुरम खंडवा मार्ग हो फोरलेन
राज्यसभा सांसद एवं सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति की सदस्य माया नारोलिया ने मंत्रालय की उच्च स्तरीय बैठक में मध्य प्रदेश के बुनियादी ढांचे और सड़क सुरक्षा को लेकर अत्यंत प्रभावी सुझाव रखे। जनहित को केंद्र में रखते हुए सांसद माया नारोलिया ने नर्मदापुरम् क्षेत्र की दशकों पुरानी माँगों और सुरक्षा संबंधी खामियों को दूर करने की पुरजोर वकालत की।बैठक के दौरान नारोलिया ने कहा कि नर्मदापुरम् से खण्डवा (व्हाया हरदा) मार्ग एक कृषि प्रधान और अत्यधिक यातायात वाला क्षेत्र है। दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए इस स्टेट हाईवे को ‘नेशनल हाईवे’ का दर्जा देकर तत्काल फोरलेन किया जाना आवश्यक है। साथ ही मण्डीदीप इंडस्ट्रियल एरिया के भारी दबाव को देखते हुए भोपाल से औबेदुल्लागंज मार्ग को सिक्स-लेन करने की आवश्यकता भी है। उन्होंने औबेदुल्लागंज-नागपुर हाईवे पर बरेठा और मरामझिरी घाट खंडों को भी फोरलेन करने की माँग की।
इटारसी से बुदनी के बीच बने सीमेंटेड मार्ग
राज्यसभा सदस्य माया नारोलिया ने बुदनी से इटारसी के बीच की सर्विस रोड का भी विषय उठाया। उन्होंन कहा कि खनिज क्षेत्र होने के कारण 24 घंटे रेत के ओवरलोड ट्रकों की आवाजाही होती है। जिसके कारण यहाँ डामर की सर्विस सड़कें जल्द खराब हो जाती हैं। जनता की सुविधा के लिए यहाँ की सभी सर्विस रोड पर डामर की जगह सीमेंट कंक्रीट (CC) रोड निर्माण अनिवार्य है।
सड़क सुरक्षा के लिए ‘नर्मदा मॉडल’:
राज्यसभा सदस्य माया नारोलिया ने प्रदेश स्तरीय ‘सेंटर फॉर रोड सेफ्टी’ की स्थापना का प्रस्ताव देते हुए सात सूत्रीय सुझाव दिए। उन्होंने सड़क सुरक्षा को स्कूली पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाना। ड्राइविंग लाइसेंस से पूर्व एक माह का अनिवार्य प्रशिक्षण, प्रत्येक जिले में आधुनिक ट्रामा सेंटर्स की स्थापना, रोड इंजीनियरिंग में सुधार और सड़क सुरक्षा विनिमय नियम-1989 को सख्ती से लागू करना, जन-जागरूकता के लिए सेलिब्रिटीज को अभियान से जोड़ने पर जोर देने के साथ ही ‘नर्मदा सड़क सुरक्षा एवं शिक्षा संस्थान’ नर्मदापुरम के सुझावों पर भी मंत्री सड़क परिवहन एवं राजमार्ग नितिन गडकरी एवं मंत्रालय का ध्यान आकर्षित किया। मंत्रालय की ओर से इन सुझावों को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया गया है।

