तीसरी भुजा के सवाल पर नर्मदापुरम विधायक की दो टूक टिप्पणी, कोई ग़लतफहमी में ना रहे….

इटारसी। सोनासांवरी रेलवे गेट पर रेलवे ओवरब्रिज का काम चल रहा है। पटरी के दोनों तरफ ब्रिज निर्माण का काम किया जा रहा है मगर उसकी तीसरी भुजा को लेकर अब तक असमंजस बरकरार है। समीक्षा बैठक के बाद नर्मदापुरम विधायक डॉ सीतासरन शर्मा ने फिर इस विषय में तार छेड़ा और दो टूक शब्दों में अपनी बात रखी। नर्मदापुरम विधायक डॉ शर्मा ने कहा कि सांकरिया पुल के नीचे से हर दिन लोगों की आवाजाही होती है करीब डेढ़ सौ से 200 दोपहिया वाहन उस पुलिया के नीचे से निकलते हैं। पिछले दिनों जबलपुर जोन की महाप्रबंधक से इस विषय में चर्चा हुई तो उन्होंने साफ कर दिया कि यह पुलिया सिर्फ पानी निकासी के लिए है यहां से आवागमन के लिए कोई अनुमति नहीं दी जा सकती है और ना ही यहां आवागमन की व्यवस्था हो सकती है इसलिए अगर कोई यह सोचता है कि उसे पुलिया में से आने-जाने के लिए सड़क बनवा देंगे तो यह नहीं होगा ब्रिज की तीसरी भुजा तो बनाना ही पड़ेगी। उन्होंने कहा कि तीसरी भुजा के विषय को आईआईटी इंदौर को भेजा गया है। वहां से आईआईटी इंदौर का अभिमत लिया जाएगा। पहले मैनिट को भेजा गया तो मैनिट ने अपनी रिपोर्ट दे दी थी। अब मैनिट से बड़ा आईआईटी है इसलिए वहां भेजा है। वहां से अभिमत मिलने के बाद तीसरी भुजा को लेकर विचार किया जाएगा। उल्लेखनीय है कि सोनासांवरी रेलवे गेट पर ओवरब्रिज के लिए 28 अप्रैल 2023 को 4529.06 लाख रुपए की राशि स्वीकृत हुई थी। 6 अक्टूबर 2023 को भूमिपूजन किया गया था। गुजरात की वीआरएस कंपनी को 5 दिसंबर 2023 को कार्यादेश दिया गया था। अभी पटरी के दोनों तरफ ही काम चल रहा है। ब्रिज की तीसरी भुजा की जगह को बदलने और पुरानी डिजाइन के हिसाब से ही रखने को लेकर खींचतान चल रही है। नर्मदापुरम विधायक डॉ शर्मा चाहते है कि ब्रिज की तीसरी भुजा पुरानी डिजाइन के हिसाब से बने तो कांग्रेस संगठन ने भी ब्रिज की भुजा बदलने की स्थिति में जन आंदोलन की चेतावनी पहले ही दे रखी है। ब्रिज की तीसरी भुजा के मामले में ऊंट किस करवट बैठेगा या किसका पावर काम करेगा, ये आने वाला समय बताएगा। इस मामले नर्मदापुरम विधायक डॉक्टर सीतासरन क्या कहते है…..सुनिए वीडियो

नर्मदापुरम विधायक डॉ सीतासरन शर्मा