स्कूल शिक्षा मंत्री ने जिले के 28 हजार छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग विद एजुकेशन डेस्क का वितरण किया
नर्मदापुरम। स्वामी विवेकानंद के जन्म जयंती के अवसर पर प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने पीएम श्री नर्मदा महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में नर्मदापुरम जिले के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के लगभग 27 हजार 778 छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग विद एजुकेशन डेस्क का वितरण किया। इन स्कूल बैग्स की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इस आईआईटी कानपुर ने इस तरह से डिजाइन किया है कि इस पर 40 किलों तक का वजन रखा जा सकेगा और स्कूल में बैठने के दौरान रीढ़ की बच्चों को रीढ़ की हड्डी भी झुकाकर नहीं बैठना पड़ेगा। गेल इंडिया लिमिटेड द्वारा ये बैग आईआईटी कानपुर से डिजाइन कराए गए हैं और सीएसआर के माध्यम से निर्मित किए गए हैं। उक्त स्कूल बैग विद एजुकेशन डेस्क की विशेषता है कि अब प्राथमिक शाला के बच्चे नीचे बैठकर बैग का उपयोग डेस्क के रूप में कर सकेंगे इससे उन्हें ब्लैक बोर्ड पढ़ने में आसानी होगी और उनकी रीढ की हड्डी पर किसी तरह का नकारात्मक असर भी नहीं होगा।
दूरस्थ स्कूलों में मिलेगी बस सुविधा
स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने स्वामी विवेकानंद के जन्म दिवस पर बैग वितरण के कार्यक्रम को ऐतिहासिक एवं प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 एवं निर्गुण भारत कार्यक्रम 2023 के तहत बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर शोध करने के उद्देश्य से केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा निरंतर छात्र-छात्राओं के हित में उनकी शैक्षणिक योग्यता को एवं गुणवत्ता को उच्च मानदंड तक स्थापित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश के 6 हजार स्कूलों में समीप में आंगनबाड़ी केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं ताकि आंगनबाड़ी से बच्चा सीधे शासकीय स्कूलों में एडमिशन ले सके। उन्होंने बताया कि अप्रैल माह में दूरस्थ स्कूलों में शासकीय बस सेवा भी प्रारंभ की जाएगी। वर्तमान में बस सेवा के लिए सर्वे का कार्य भी चल रहा है। मंत्री राव ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सपना है कि एक-एक पैसे का सार्थक और सदुपयोग हो। उन्होंने गेल इंडिया को धन्यवाद ज्ञापित किया जिन्होंने बच्चों के हित में अद्भुत कार्य करके दिखाया। उन्होंने कहा कि मुझे यह बताते हुए बहुत प्रसन्नता हो रही है कि हम अगले 3 वर्ष में सभी स्कूलों में शौचालय का निर्माण कार्य कंप्लीट कर देंगे। साथ ही नवीन शैक्षणिक सत्र से पहले ही विद्यार्थियों को पुस्तकों को वितरण कर देंगे, साथ ही छात्र-छात्राओं को पुस्तकों के बोझ से मुक्ति दिलाने के लिए ₹500 में पाठ्यपुस्तक युक्त बस्ता तैयार कर सभी विद्यार्थियों को वितरित करेंगे।
जनप्रतिनिधियों ने स्कूल बैग विथ एजुकेशन को अभिनव पहल पीएम श्री नर्मदा महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने स्कूल बैग विथ एजुकेशन को अच्छी पहला बताया।पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ सीतासरन शर्मा ने बैग विद एजुकेशन डेस्क की सराहना करते हुए कहा कि छोटी क्लास के बच्चों के लिए यह फायदेमंद रहेगा। राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने कहा कि हम बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जो कर सकते हैं करेंगे। मंत्री राव के प्रयास से एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा नर्मदा लोक की स्वीकृति प्रदान की गई थी। वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव जल्द ही नर्मदा लोक का भूमि पूजन करेंगे। मध्यप्रदेश शासन निरंतर विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों को लाभान्वित करने का कार्य कर रही है। मंत्री राव के नेतृत्व में सभी कार्य समय पर पूर्ण हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पहली कक्षा से लेकर आठवीं कक्षा तक के बच्चों को स्कूल बैग विद एजुकेशन डेस्क का वितरण किया जा रहा है। अभी भी कई प्राइमरी स्कूल के बच्चे टाट पट्टी पर बैठकर शिक्षा ग्रहण करते हैं। इससे उनकी कमर झुकती है। नजर भी नीची रहती है। ब्लैक बोर्ड पर शिक्षक जो लिखते हैं बच्चों को सर ऊंचा करके देखना पड़ता है। स्कूल बैग विद एजुकेशन डेस्क मिलने पर बच्चों की नजर एवं रीढ सीधी रहेगी। साथ ही यह बच्चों के स्वास्थ्य के लिए भी बेहतर रहेगा। उन्होंने कहा कि सभी बच्चे आने वाले कल के भविष्य के निर्माता है। इसलिए हम सब का दायित्व है कि हम उन्हें एक अच्छा माहौल दे, जिसमें वे शिक्षा ग्रहण कर देश के एक सर्वश्रेष्ठ नागरिक बन सके।सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह ने कहा कि स्कूल बैग विद एजुकेशन डेस्क दिलाने का सराहनीय कार्य जिले में किया गया है। उन्होंने मंत्री राव से मांग की की सोहागपुर के बच्चों को भी स्कूल बैग दिलाया जाए। सिवनी मालवा विधायक प्रेम शंकर वर्मा ने राज्यसभा सांसद माया नारोलिया एवं गेल इंडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से आज बच्चों को यह अनुपम सौगात मिली है, इससे बच्चों को लिखने पढ़ने में सुविधा होगी। उन्हें आंख और रीड की हड्डी की कोई समस्या नहीं होगी। उन्होंने सभी बच्चों से कहा कि वह पढ़ाई लिखाई में अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान दे।
कलेक्टर बोली नवाचार से सुधरा जिले का रिजल्ट
कलेक्टर सोनिया मीना ने राज्यसभा सांसद माया नारोलिया एवं गेल इंडिया प्रबंधन को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि स्कूल शिक्षा विभाग भी छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक गतिविधियां को सर्वश्रेष्ठ रूप प्रदान करने के लिए विभिन्न नवाचार कर रहे हैं। इससे स्कूलों में बच्चों की उपस्थिति बढ़ रही है। नर्मदापुरम जिला भोपाल से निकट एक समृद्ध जिला है। पूर्व में दसवीं एवं 12वीं का परीक्षा परिणाम अनुकूल नहीं था लेकिन शिक्षा विभाग द्वारा किए गए अनेक नवाचारों से 10वीं एवं 12वीं का परीक्षा परिणाम प्रदेश में श्रेष्ठ रहा है। शिक्षकों की मेहनत से ही यह संभव हो पाया है। उन्होंने बताया कि नीर पखेरु अभियान, सीटी बजाओ स्कूल बुलाओ, एक पंखा पुरखों के नाम अभियान आदि चलाए गए थे जिससे बच्चों की शाला में उपस्थिति एवं दानदाताओं द्वारा अन्य सामग्री स्कूलों को दान में प्राप्त हुई। उन्होंने बताया कि एक दीपावली शेयरिंग वाली भी अभियान चलाया गया था। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षा विभाग यह सुनिश्चित करता है की कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। सभी को समान रूप से शिक्षा का अधिकार मिले और हर बच्चे की योग्यता को देखते हैं उसे उचित मार्गदर्शन एवं शिक्षा प्राप्त हो। नीति आयोग के सदस्य एवं अवंत फाउंडेशन के संरक्षक अवनीश त्रिपाठी ने कहा कि आईआईटी कानपुर द्वारा स्कूल बैग विद एजुकेशन डेस्क बनाया गया है अब बच्चे जमीन पर बैठकर भी डेस्क पर रखकर पढ़ाई कर सकेंगे। डेस्क पर 40 किलो तक का वजन भी रखा जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस डेस्क का उपयोग बच्चे अपने घरों में भी कर सकते हैं और यह बैग 3 वर्ष तक उपयोगी रहेगा।
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष राधा सुधीर पटेल, नगर पालिका अध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रीति पवन शुक्ला, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण मनीष वर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी एलएन प्रजापति, डीपीसी राजेश जायसवाल, पार्षद, जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।
इन स्कूलों के बच्चों को मिले स्कूल बैग विद एजुकेशन डेस्क
स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह ने कार्यक्रम में शासकीय प्राथमिक शाला पतलई खुर्द के 22 विद्यार्थियों, शासकीय प्राथमिक शाला कोठी बाजार के 15, शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला मालाखेड़ी के 10, प्राथमिक शाला आईटीआई के 28, शासकीय माध्यमिक शाला गांधी वार्ड पिपरिया के 6, शासकीय माध्यमिक शाला नजरपुर केसला के पांच, सीएम राइज सिवनी मालवा के पांच, माध्यमिक शाला सोहागपुर के 6 छात्र-छात्राओं को मंच से स्कूल बैग विद एजुकेशन डेस्क का वितरण किया।

