
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई
नर्मदापुरम। शहर के कालिका नगर इलाके में संचालित नर्मदा बेकरी के वर्कशॉप में अचानक पहुंची खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम के निरीक्षण ने यहां लोगों के स्वास्थ्य से होने वाले खिलवाड़ का खेल उजागर कर दिया। टीम ने नर्मदा बेकरी के परिसर मकड़ी के जालों और गंदगी के बीच ही खाद्य सामग्री बनते देख बेकरी संचालक का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया। बेकरी संचालक के द्वारा विभाग की टीम को समझाने की कोशिशें भी की गई मगर बेकरी संचालक की नहीं चली और लाइसेंस सस्पेंड हों गया। उल्लेखनीय है कि सोमवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा कालिका नगर नर्मदापुरम स्थित नर्मदा बैकरी एवं पेटिस पार्लर की जांच की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश दियावार एवं जितेंद्र सिंह राणा द्वारा बेकरी का जब निरीक्षण किया गया तो वे भी अंदर के हालात देख चौंक गए। बेकरी के वर्कशॉप परिसर के अंदर गंदगी के बीच ही ब्रेड एवं टोस्ट का निर्माण हो रहा था। बैकरी संचालक द्वारा परिसर की सफाई नहीं की जा रही थी जिससे निर्माण स्थल पर ही मकड़ी के जाले लटक रहे थे। कुल मिलाकर गंदे माहौल में ब्रेड पेटिस और टोस्ट का निर्माण किया जाना पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत बेकरी संचालक पर कार्रवाई की गई। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश दियावार द्वारा ब्रेड और टोस्ट के नमूने भी जांच हेतु लिए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश दियावर ने कहा कि विक्रेता को नोटिस जारी किया जा रहा है। संगृहीत नमूने को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। वहां से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही आगे की कार्यवाही की जावेगी। विक्रेता के द्वारा खाद्य पदार्थों पर निर्माण तिथि और अवसान तिथि का उल्लेख भी नहीं किया जा रहा है। सुधार होने तक निर्माण इकाई का संचालन न करने का निर्देश दिए गए है और इसलिए तुरंत प्रभाव से निर्माता का लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है।
