युवक कांग्रेस ने किया विरोध प्रदर्शन


नर्मदापुरम। नर्मदापुरम नगरपालिका को वर्ष 2016 में खनिज विकास निगम के माध्यम से सड़कों की सफाई के लिए रोड क्लीनिंग मशीन मिली थी। यह मशीन लंबे समय बंद पड़ी है और नगरपालिका के वाहन यार्ड में धूल खा रही है। युवक कांग्रेस के एक अनूठे प्रदर्शन ने शहर के लोगों का खासा ध्यान खींचा और नगरपालिका के गलियारों में हलचल मचा दी। युवक कांग्रेस ने नपा यार्ड में जाकर रोड क्लीनिंग मशीन पर पुष्पांजलि अर्पित की और मातम के बाजे भी बजाए। युवक कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता रोहन जैन के नेतृत्व में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह अनूठा प्रदर्शन किया और तख्तियां पर नारे लिखकर अपनी आवाज जिम्मेदारों तक पहुंचाई।
दान में मिली मशीन की अनदेखी की
युवक कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता रोहन जैन ने बताया कि जनता के पैसे का भारी दुरुपयोग किया जा रहा है। नगरपालिका को दान में मिली रोड क्लीनिंग मशीन कुछ ही दिन सड़क पर चल पाई और फिर खराब होकर यार्ड में खड़ी रही। उस पर ध्यान नहीं दिए जाने से मशीन अब पूरी तरह कंडम हो गई है। नए नपाध्यक्ष के कार्यकाल में इस मशीन को सुधरवाने के लिए लगभग साढ़े सात लाख रुपये की राशि का टेंडर निकाला गया था जिसकी नोटशीट में नगरपालिका ने इस मशीन को स्वयं के द्वारा क्रय किया बताया था लेकिन मशीन का सुधार कार्य नहीं हो पाया। मशीन खड़े-खड़े ही लगभग दस साल पुरानी हो गई। इसी वजह से युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने अंतिम दर्शन कर मशीन को श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रदर्शन में लगे आरोप
प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया गया कि जनता के पैसों की लूट मचा रखी है। जनता को स्वच्छता के नाम पर हसीन सपने धूल से मुक्ति के दिखाए गए थे लेकिन आज वहीं धूल साफ करने वाली मशीन दस सालों से खुद धूल खा रही है। युवक कांग्रेस आगामी समय में भी जनता से जुड़े मुद्दों पर नगरपालिका के खिलाफ बड़े आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। बहुत जल्द नगरीय प्रशासन मंत्री से मिलकर एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी बनवाने और नर्मदापुरम नगरपालिका की जांच के संबंध में पत्र प्रेषित किया जाएगा।
प्रदर्शन में यह रहे मौजूद
प्रदर्शन करने वालों में प्रदेश प्रवक्ता रोहन जैन, प्रदेश सचिव एनएसयूआई आफरीद खान, सत्यम तिवारी, नगर युवक कांग्रेस अध्यक्ष गुलाम मुस्तफा, सिराज खान, आयुष चौहान, फैज खान, कपिल यादव, पीयूष जैन, अलमास खान,मनीष मिश्रा, ईशान गुप्ता ,वसीम खान, विनय मालवीय, फाईम पठान, नूर मोहम्मद आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
