नर्मदापुरम के एसपीएम कारखाने का 1788 करोड़ से होगा मॉडिफिकेशन और विस्तार, नई मशीन भी लगेगी…

नर्मदापुरम जिले को मिली बड़ी सौगात

नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिला अब नोटों का कागज बनाने के मामले पूरे देश अब नई पहचान के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा। भारत सरकार के वित्त मंत्रालय ने नर्मदापुरम की सिक्योरिटी पेपर मिल यानि प्रतिभूति कागज कारखाना के आधुनिकीकरण और विस्तार के 1788 करोड़ रूपये की राशि को स्वीकृति दे दी है। इस राशि से पूरे कागज कारखाने का जहां अपग्रेडेशन होगा वहीं नोटों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने के लिए नई मशीन भी लगाई जायेगी। उल्लेखनीय है कि नरसिंहपुर नर्मदापुरम क्षेत्र के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से नर्मदापुरम स्थित प्रतिभूति कागज कारखाना के आधुनिकीकरण और विस्तार की मांग को समय-समय पर उठाया था। इस विषय को उन्होंने लोकसभा में वित्त मंत्रालय के समक्ष भी उठाया था। लंबे समय से इस मामले को लेकर हो रही मांग के चलते केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की सहमति के बाद  SPM नर्मदापुरम के विकास और नई पेपर मशीन स्थापना की मांग को भारत सरकार के वित्त मंत्रालय ने मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम प्रतिभूति कागज कारखाना (Security Paper Mill – SPM) के आधुनिकीकरण और विस्तार के लिए ₹1788 करोड़ की राशि स्वीकृत कर दी है। इस राशि का उपयोग कारखाने की उत्पादन क्षमता को बढ़ाने और बुनियादी ढांचे को अपग्रेड करने के लिए किया जाएगा। यह परियोजना कारखाने के लिए एक महत्वपूर्ण विस्तार का प्रतीक है, जिसका उद्देश्य देश में बैंक नोटों और अन्य सुरक्षा-संबंधित कागजात की बढ़ती मांग को पूरा करना है। जो क्षेत्र के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगी।

SPM की खासियत

नर्मदापुरम का प्रतिभूति कागज कारखाना भारत प्रतिभूति मुद्रण तथा मुद्रा निर्माण निगम लिमिटेड (SPMCIL) की एक प्रमुख इकाई है, जो देश की राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी संवेदनशील कागज आवश्यकताओं की पूर्ति करती है। वर्तमान में संचालित पुरानी मशीनों के स्थान पर नवीन अत्याधुनिक पेपर मशीन की स्थापना से उत्पादन क्षमता, गुणवत्ता और आत्मनिर्भरता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। इस परियोजना से न केवल राष्ट्रीय सुरक्षा सुदृढ़ होगी, बल्कि नर्मदापुरम क्षेत्र में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से बड़े पैमाने पर रोजगार सृजन, औद्योगिक सुदृढ़ीकरण, स्थानीय युवाओं को तकनीकी अवसर तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

सांसद ने जताया आभार
इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए के लिए सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा केंद्रीय मंत्रिमंडल एवं शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त किया गया है। सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि यह निर्णय नर्मदापुरम को औद्योगिक मानचित्र पर नई पहचान दिलाने वाला सिद्ध होगा।