नगर पालिका में जल विभाग की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न,
शहर को स्वच्छ व नियमित पानी उपलब्ध कराने पर जोर
इटारसी। इंदौर में दूषित पानीकांड से मौत का तांडव मच गया। जिम्मेदारों की लापरवाही से अब तक करीब 17 मौतें हो गई है और करीब दो सौ लोग अस्पताल में भर्ती है। मुख्यमंत्री ने इस मामले के जिम्मेदार कई अफसरों को नाप दिया है। इंदौर के पानीकांड का दोहराव इटारसी में ना हो इसकी रोकथाम के लिए इटारसी नगरपालिका प्रशासन सक्रिय हो गया है। शहर की क्षतिग्रस्त पाइप लाइनें अब जिम्मेदारों को जनता के साथ ही खुद के लिए भी खतरा दिखने लगी हैं जिसके चलते अब नपा के जिम्मेदारों ने इस महत्वपूर्व विषय पर काम करने का मन बनाया है।

जल विभाग की बैठक में मंथन
नगर पालिका परिषद इटारसी में जल विभाग की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक मुख्य नगर पालिका अधिकारी रितु मेहरा एवं जल सभापति गीता देवेन्द पटेल की उपस्थिति में सम्पन्न हुई। इस दौरान शहर की संपूर्ण जल व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल की आवश्यकता तथा न्यास कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में आ रही गंदे पानी की शिकायतों पर गंभीरता से विचार किया गया।
जल सभापति गीता देवेन्द पटेल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक नागरिक तक पर्याप्त और साफ पानी पहुंचाना नगर पालिका की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जिन स्थानों पर दूषित एवं बदबूदार पानी आ रहा है, वहां तत्काल जांच कर स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। विशेष रूप से न्यास कॉलोनी में जल गुणवत्ता को लेकर लगातार मिल रही शिकायतों पर पूरा ध्यान दिया जाए, ताकि लोगों के स्वास्थ्य पर किसी भी प्रकार का विपरीत प्रभाव न पड़े।
यह दिए निर्देश
मुख्य नगर पालिका अधिकारी रितु मेहरा ने बैठक में कहा कि पानी वितरण प्रणाली को और अधिक व्यवस्थित करना आवश्यक है। पाइपलाइन, चैंबर सफाई, टंकियों की नियमित मॉनिटरिंग और फिल्टर प्लांट की कार्यक्षमता पर निरंतर निगरानी रखी जाए। उन्होंने बैठक में मौजूद जल विभाग की टीम को स्पष्ट निर्देश दिए कि न्यास कॉलोनी में आ रहे गंदे पानी की समस्या का कारण खोजकर अति शीघ्र रिपोर्ट प्रस्तुत करें और नई पाइपलाइन से जोड़ने के कार्य को समय–सीमा में पूरा करें। बैठक में यह भी तय किया गया कि शहर के सभी वार्डों में जल आपूर्ति का रूट प्लान पुनः देखा जाएगा। जहां आवश्यकता होगी, वहां वाल्व, मोटर एवं लाइन सुधार के कार्य कराए जाएंगे। नागरिकों को शुद्ध जल मिले, पानी व्यर्थ न बहे और वितरण में समानता रहे—इन बिंदुओं को आधार बनाकर आगामी कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
किसने क्या बोला
मुख्य नगरपालिका अधिकारी ऋतु मेहरा ने कहा कि जल व्यवस्था में सुधार के लिए नियमित समीक्षा बैठकें आयोजित होंगी और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से हर क्षेत्र में स्वच्छ व सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं जलकार्य सभापति गीत देवेन्द्र पटेल ने कहा कि शहर में जहां जहां पुरानी पाइप लाइने है जल्द ही उन्हें भी सही अथवा बदलने का कार्य किया जाएगा।
