10 दिन पहले शुरू हुई राठी एग्रो प्रोडक्ट फैक्ट्री में गई महिला की जान, लोहे का गेट सिर पर गिरने से हुई मौत, जांच के बाद गेट गिनका कारण आयेगा सामने…

इटारसी। शहर के औद्योगिक क्षेत्र स्थित राठी एग्रो प्रोडक्ट फैक्ट्री की शुरुआत करीब 10 दिन पहले ही हुई है। चंद दिनों पहले शुरू हुई इस फैक्ट्री के लिए नए साल का पहला सप्ताह टेंशन लेकर आया। फैक्ट्री में मंगलवार दोपहर एक हादसे में एक महिला मजदूर की मौत हो गई। फैक्ट्री में झाड़ू लगाते समय एक स्लाइडिंग गेट महिला के सिर पर गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। उसे अस्पताल ले जाया गया मगर उसकी पहले ही मौत हो चुकी थी। मृतका का नाम सोमलवाड़ा खुर्द निवासी अंशु पति विजय चमनिया 42 वर्ष बताया गया है।  पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

झाड़ू लगाते वक्त हादसा

शहर के औद्योगिक क्षेत्र स्थित राठी एग्रो प्रोडक्ट फैक्ट्री में मंगलवार सुबह तक सब कुछ ठीक चल रहा था। दोपहर में महिला कर्मचारी अंशु चमनिया फैक्ट्री परिसर में सफाई का काम कर रही थी। सफाई कें दौरान जब वह लोहे के बड़े स्लाइडिंग गेट के पास पहुंची तभी फैक्ट्री का भारी स्लाइडिंग गेट अचानक असंतुलित होकर उसके सिर पर आ गिरा। इस हादसे में अंशु के माथे पर चार इंच गहरा घाव हो गया और नाक व कान से खून बहने लगा। हादसे के बाद फैक्ट्री कर्मचारियों ने अंशु को तत्काल इटारसी के शासकीय अस्पताल पहुंचाया लेकिन उसने अस्पताल पहुंचने के पहले ही दम तोड़ दिया था। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार महिला की मौत सिर में गंभीर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण हुई।

गेट कैसे गिरा, इसका पता लगाएगी पुलिस

जांच अधिकारी एएसआई जनक पवार ने बताया कि हादसे के कारणों और स्लाइडिंग गेट गिरने की वजह का पता लगाया जा रहा है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच में यदि फैक्ट्री प्रबंधन की तरफ से कोई लापरवाही मिलती है तो फैक्ट्री संचालकों के लिए भी समस्या खड़ी हो सकती है और अगर महिला की गलती सामने आती है तो फैक्ट्री संचालक राहत की सांस ले सकते है। बहरहाल अभी तक इस मामले में कई तरह की बातें अपने अपने ढंग से सामने आ रही हैं। महिला की मौत के पीछे की असली वजह जांच के बाद ही सामने आएगी।