जनवरी माह में शुरू होगा ४ करोड़ के अटल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का काम,
इटारसी. इटारसी नगरपालिका की माली हालत को मजबूत करने में प्रस्तावित 4 करोड़ का अटल शॉपिंग काम्प्लेक्स (atal shopping complex)बड़ी भूमिका अदा करेगा। अभी शॉपिंग काम्प्लेक्स की डिजाइन हरदा पॉलीटेक्निक कॉलेज में तैयार होकर रखी हुई है। इस डिजाइन को भोपाल नहीं भेजा जा सका है क्योंकि इटारसी नगरपालिका पेमेंट पोर्टल बंद होने से ड्राइंग डिजाइन की फीस का भुगतान नपा ने नहीं किया है। यह भुगतान मिलने पर ही ड्राइंग डिजाइन इटारसी नपा को भोपाल भेजने के लिए मिलेगी। भोपाल स्थित संबंधित विभाग से डिजाइन को जल्द स्वीकृति देने के संकेत भी मिल गए हैं मगर पूरा मामला नपा के पेमेंट पोर्टल के बंद होने के कारण अटक गया है हालांकि इटारसी नगरपालिका जनवरी 2026 में इस शॉपिंग काम्प्लेक्स के काम को शुरू करने को लेकर आशान्वित है।
उल्लेखनीय है कि इटारसी अपनी वित्तीय स्थिति को मजबूत करने अब खुद शॉपिंग काम्प्लेक्स बनाकर उनकी नीलामी करेगी। इसी मंशा के तहत बैल बाजार के पास इटारसी नपा २८ दुकानों का एक अटल शॉपिंग काम्प्लेक्स बनाने जा रही है। यह कॉम्प्लेक्स करीब 4 करोड़ रुपए का होगा। नपा ने शासन से सभी मंजूरियां मिलने के बाद टेंडर कॉल की प्रक्रिया कर ली है। पहले नपा ने इस कॉम्प्लेक्स का डिजाइन खुद बनाया था मगर बाद में कुछ व्यापारियों के पट्टों से जुड़ा विषय आने के बाद नपा ने शॉपिंग कॉम्पलेक्स की डिजाइन में दो बार बदलाव किया था।
यह है प्रोजेक्ट
पुराना बस स्टैंड में रिक्त भूमि पर आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनेगा। वर्तमान में व्यापार की जरुरतों के हिसाब से पूरे कॉम्प्लेक्स की डिजाइन बनवाई गई है। यह पूरी तरह से कवर्ड और सुरक्षित कॉम्प्लेक्स होगा। इसमें तीन साइज में दुकानें बनेंगी जो कि डबल स्टोरी में होगी। 28 दुकान वाले इस कॉम्प्लेक्स के निर्माण में करीब 4 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसकी नीलामी से नपा को करीब 10 से 12 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने की संभावना है। इसमें से निर्माण लागत को यदि हटा दें तो नपा को 6 से 8 करोड़ रुपये राजस्व मिलेगा, जो कि शहर के विकास के लिए काम में आएगा। इसके अलावा दुकानों से प्रतिमाह नपा को किराया भी मिलेगा।
शहर को यह होगा फायदा
अटल शॉपिंग कॉम्पलेक्स बनने से स्वरोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ में मुख्य बाजार में दबाव कम होगा और बाजार का फैलाव होगा। इससे व्यापार के नए केंद्र स्थापित होंगे। अभी तक पुराना बस स्टेंड क्षेत्र में कोई सर्वसुविधायुक्त शॉपिंग काम्प्लेक्स नहीं है। सडक़ के पश्चिमी हिस्से में नपा का बरसों पुराना मार्केट बना हुआ है।
इन सुविधाओं पर फोकस
अभी बाजार में जितनी दुकानें या निजी शॉपिंग काम्प्लेक्स बनाए गए हैं उनमें मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। इसके कारण खरीदारों को काफी परेशान होना पड़ता है। बाजार की इस समस्या को केंद्रबिंदु में रखकर इटारसी नपा ने उक्त शॉपिंग काम्प्लेक्स की डिजाइन को तैयार किया है। इस नए शॉपिंग काम्प्लेक्स में
ग्राहकों और दुकानदारों के लिए सार्वजनिक शौचालय, रोड, नाली, स्ट्रीट लाइट, शानदार पार्किंग स्पेस, हरियाली के लिए आकर्षक पौधे, पेयजल, बाउंड्रीवाल आदि की सुविधा होगी।
इनका कहना है
अटल शॉपिंग काम्प्लेक्स के लिए टेंडर प्रक्रिया कर दी गई है। डिजाइन में व्यापारियों की मांग पर कुछ बदलाव कर नई डिजाइन हरदा पॉलीटेक्निक कॉलेज से तैयार कराई है। जल्द ही वहां नई ड्राइंग डिजाइन आने के बाद उसे भो
पाल स्वीकृति के लिए भेज देंगे।जनवरी 2026 में हम शॉपिंग काम्प्लेक्स का काम चालू कर देंगे।
पंकज चौरे, नपाध्यक्ष इटारसी
————
