सोनासांवरी रेलवे ओवरब्रिज का मामला
नर्मदापुरम। जिले की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाले इटारसी शहर में सोनासांवरी रेलवे गेट पर 40 करोड़ की लागत से ओवरब्रिज बन रहा है। इस ब्रिज की तीसरी भुजा जगदंबा मैजिर गार्डन तक उतारने और नहीं उतारने को लेकर जमकर खींचतान मची हुई है। सूबे में सोनासांवरी ओवरब्रिज की तीसरी भुजा का मामला जमकर चर्चा में है। शहर की करीब 25 हजार लोगों की सुविधा से जुड़ा मामला होने के बावजूद लोक निर्माण विभाग इस पर उतना गंभीर नहीं है। ओवरब्रिज की तीसरी भुजा को लेकर खुद लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह कुछ भी साफ नहीं बोले और उन्होंने हजारों लोगों की सुविधा से जुड़े इस विषय पर तकनीकि विशेषज्ञों के नाम का झुनझुना जनता के लिए थमा गए।
आपको बता दें कि नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री व लोनिवि मंत्री राकेश सिंह(pwd minister mp) नर्मदापुरम, इटारसी व सिवनीमालवा में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने आए थे। नर्मदापुरम जिला मुख्यालय पर उन्होंने पत्रकार वार्ता में पत्रकारों से चर्चा की। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने पर इस दौरान प्रदेश में किए गए विकास कार्यों का लेखा-जोखा पटल पर रखा। चर्चा के दौरान ही रीजनल वॉइस समाचार पत्र ने इटारसी शहर में इस समय सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बने हुए सोनासांवरी रेलवे ओवरब्रिज की तीसरी भुजा को लेकर लोनिवि मंत्री से सवाल किया था। उन्होंने जो कुछ कहा वह हम आपको जस का तस बता रहें हैं ताकि आपको भी यह पता चल सके कि लोनिवि मंत्री की नजर में जनहित क्या माएने रखता है।
रीजनल वॉइस ने उठाया सवाल
रीजनल वॉइस अखबार का सवाल था कि लोनिवि की थीम लोक निर्माण से लोक कल्याण है तो फिर उसी लोक यानी जनता की सोनासांवरी रेलवे ओवरब्रिज पर तीसरी भुजा की मांग की अनदेखी क्यों हो रही है? इस पर मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि किसी भी विभाग के साथ तकनीकि और जन अपेक्षा, ये दो चीजें रहती हैं। इनमें समन्वय बनाना जरुरी होता है। अगर तकनीकि विशेषज्ञ मानते हैं कि तीसरी भुजा नहीं हो सकती है तो नहीं बनाना ही उचित होता है भले ही लोगों की उसकी मांग हो। आमतौर पर जो ब्रिज बनते हैं वे एंड टू एंड बनते हैं आमतौर पर तीसरी भुजा नहीं बनाई जाती है लेकिन जहां जरुरत होती है वहां बनाते भी हैं। सभी जगह बनाई जाए ऐसा जरुरी नहीं होता है।
तकनीकि विशेषज्ञों से लेंगे रिपोर्ट
मंत्री ने कहा कि उन्हें सोनासांवरी ब्रिज की तीसरी भुजा का मामला अखबारों से पता चला था। अगर जनता की मांग है तो हम एक बार फिर उस विषय पर तकनीकि विशेषज्ञों से जांच कराएंगे। अगर तकनीकि दृष्टि से उपयोग होगा तो निश्चित तौर पर तीसरी भुजा का काम भी कराएंगे। फिलहाल इस पर जल्दबाजी करना उचित नहीं होगा। जनता के हित में जो भी उचित होगा वह अवश्य किया जाएगा।
नर्मदा एक्सप्रेस वे पर बोले मंत्री
केंद्र सरकार की नर्मदा एक्सप्रेस वे प्रोजेक्ट(narmada express way) को नर्मदापुरम की जगह बुदनी वाले हिस्से से ले जाने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि उन्होंने अभी उसकी अपडेट डिजाइन नहीं देखी है मगर इतना अवश्य कहा जा सकता है कि जरुरी नहीं कि कोई एक्सप्रेस वे बन रहा है तो वह शहर के भीतर से ही गुजरे। अगर उसके साथ बड़ी सडक़ों की कनेक्टिविटी अच्छी है तो उससे कनेक्ट किया जाता है। नर्मदा एक्सप्रेस वे का लाभ इटारसी व नर्मदापुरम सहित पूरे जिले को मिले इसके लिए प्रयास किया जाएगा।
2 साल के कार्यकाल की उपलब्धि गिनाई
लोनिवि मंत्री राकेश सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव(cm dr mohan yadav)
के दो साल का कार्यकाल पूरा होने पर इस अवधि में किए गए विकास कार्यो की जानकारी भी साझा की। उन्होंने प्रदेश की भाजपा सरकार ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में शिक्षा, रोजगार, औद्योगिक निवेश, आयुष्मान कार्ड योजना, पीएम आवास योजना सहित तमाम क्षेत्रों में उल्लेखनीय काम किया है।
