19 करोड़ से संवरेगी तीन प्रमुख सडक़ें, हजारों लोग होंगे लाभान्वित


नर्मदापुरम। प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने र्मदापुरम जिले को तीन सडक़ों की सौगात दी। उन्होंने 19 करोड़ की लागत से बनाए जाने वाली तीन सडक़ों का भूमिपूजन किया। इन सडक़ों के बनने से हजारों लोगों को आवागमन की बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास के 250 हितग्राहियों को एक एक लाख रुपए की आवास राशि की किश्त का भी वितरण किया।
इन सडक़ों का होगा निर्माण
जनपद पंचायत कार्यालय नर्मदापुरम के परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री ने लंबे समय से निर्माण की राह देख रही तीन प्रमुख सडक़ों के निर्माण कार्य का भूमिपूजन जिले के जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया। जिन सडक़ों का भूमिपूजन किया गया है उनमें डिवाइन सिटी से बड़ी पहाडिय़ा की ओर जाने वाली सडक़, नागपुर ओल्ड हाईवे 69 मार्ग से भोपाल तिराहे तक जाने वाली सडक़ एवं परमशी गार्डन से डोंगरवाड़ा ग्राम तक जाने वाली सडक़ शामिल है। इन सडक़ों पर 19 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी। इन सडक़ों के बनने से हजारों लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी।
2 साल जिले में सडक़ों के लिए दिए 1100 करोड़
प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि विगत दो वर्ष में लोक निर्माण विभाग ने नर्मदापुरम जिले को 1100 करोड़ रुपए की राशि विभिन्न सडक़ों के निर्माण कार्य के लिए दी है। इसमें सबसे बड़े नर्मदापुरम-टिमरनी मार्ग के लिए 900 करोड़ रुपए दिए गए हैं। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जब एक सडक़ बनती है तो वह हमें अपने सुनहरे भविष्य की ओर ले जाती है। सडक़ें जब बनती हंै तो समृद्धि के रास्ते खुलते हैं। नर्मदापुरम जिला तेजी से विकास करने वाला जिला बन रहा है। अब इतनी तेजी से नर्मदापुरम जिले में समृद्धि आएगी और यहां पर रोजगार भी उपलब्ध होगा। नर्मदापुरम जिला असीम संभावनाओं वाला जिला है जो प्रदेश में अपनी ऊंचाई पाकर रहेगा।
जनप्रतिनिधियों ने भी रखी बात
नर्मदापुरम विधायक डॉक्टर सीतासरन शर्मा ने जिले को तीन सडक़ों की सौगात देने पर प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रभारी मंत्री से जो भी मांगो मिल जाता है। वह शहर विकास के लिए अनुपम सौगात देते हैं। उन्होंने कहा कि प्रभारी मंत्री के कुशल नेतृत्व में जिला आगे बढ़ रहा है, उन्होंने सभी हितग्राहियों को भी आवास राशि की किस्त मिलने पर शुभकामनाएं दी। सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने भी सभी हितग्राहियों को आवास राशि की किश्त मिलने पर शुभकामनाएं दी। राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने प्रधानमंत्री आवास राशि का किश्त प्रदान करने एवं सडक़ों की सौगात देने पर प्रभारी मंत्री का आभार व्यक्त किया। नगर पालिका नर्मदापुरम की अध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव ने बताया कि 20 करोड़ की राशि से नर्मदा लोक का निर्माण कार्य किया जाएगा। 3 करोड़ से घाट पर भी कार्य शुरू हो गया है, 15 करोड़ से शहर में नालियों का निर्माण कार्य किया जा रहा।