
नर्मदापुरम्। नगरपालिका परिषद द्वारा नपाध्यक्ष नीतू महेंद्र यादव के नेतृत्व में नगर के महत्वाकांक्षी विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं। मीनाक्षी चौक, एनएमवी कालेज तिराहा, भोपाल चौराहे के बाद अब राजघाट का जीर्णोद्वार प्रारंभ हो चुका है। राजघाट सौंदर्यीकरण के लिए निर्माण एजेंसी और नपा के इंजीनियर्स ने मिलकर लेआउट डाला। लेआउट डालते समय विधायक प्रतिनिधि महेंद्र यादव एवं मुख्य नगरपालिका अधिकारी हेमेश्वरी पटले, वार्ड 27 की पार्षद बिंदिया मांझी, वार्ड 26 के पार्षद राहुल गौर और निर्माण एजेंसी का स्टाफ उपस्थित रहा।
3 करोड़ से होगा बदलाव
उपयंत्री आयुषी रिछारिया ने बताया कि करीब तीन करोड़ की लागत से राजघाट का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। प्रथम चरण में ले आउट डालकर रिटर्न विंग वाल का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके साथ ही अगले चरण में शेडों निर्माण कार्य प्रारंभ हो जाएगा। बहुत जल्द ही राजघाट अपनी बदरंग हालत से ऊपर उठकर नए कलेवर में सबके सामने आएगा। तीन करोड़ की लागत से राजघाट में शेडों के साथ ही स्वागत द्वार भी बनेगा। आधुुनिक तरीके से बनाए जा रहे राजघाट पर पार्किंग व्यवस्था, पेयजल और छांव के लिए टीन शेड भी बनाए जाएंगे।
अभी बदहाल है राजघाट
शहर के राजघाट पर अंतिम संस्कार करने आने वालों का ज्यादा लोड रहता है। राजघाट की हालत बहुत खराब है। यहां ना तो पर्याप्त सफाई व्यवस्था है और ना ही मूलभूत सुविधाएं हैं। अंतिम संस्कार के लिए यहां आने वाले लोगों को बहुत परेशान होना पड़ता है। यहां बनाया गया अत्याधुनिक शवदाह गृह भी बंद पड़ा हुआ है। राजघाट के जीर्णोद्धार के दौरान इस शवदाह गृह को भी चालू करने के प्रयास किए जाएंगे।
इनका कहना है
राजघाट सौंदर्यीकरण व जीर्णोद्धार कार्य चालू हो गया है। लेआउट का काम करा दिया गया है। अब उसके हिसाब से निर्माण कार्य होना है। निर्माण एजेंसी को समय सीमा में गुणवत्तापूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
हेमेश्वरी पटले, सीएमओ नर्मदापुरम
शहर में लगातार विकास कार्य किए जा रहे हैं। मीनाक्षी चौक, भोपाल तिराहा, एनएमवी कालेज के बाद अब राजघाट का जीर्णोद्वार और सौंदर्यीकरण कार्य प्रारंभ हो गया है। राजघाट पर आज ले आउट डालकर कार्य प्रारंभ हो चुका है। जल्द राजघाट एक नए लुक में दिखेगा। इस पूरे प्रोजेक्ट पर करीब 3 करोड़ रुपए की राशि खर्च होगी।
नीतू यादव, नपाध्यक्ष नर्मदापुरम
