बाउंड्रीवॉल के लिए 30 लाख की घोषणा
इटारसी। शहर में पुराने रेस्ट हाउस (itarsi rest house) के बगल में नया अत्याधुनिक सुविधा वाला विश्राम गृह बनाया गया है। नए विश्राम गृह का निर्माण करीब 1 करोड़ 81 लाख रुपए की लागत से किया गया है। लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं नर्मदापुरम जिले के प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने इटारसी आगमन पर नवनिर्मित विश्राम गृह का लोकार्पण किया। विश्राम गृह में सुरक्षा की दृष्टि से 30 लाख की राशि देने की घोषणा भी मंच से प्रभारी मंत्री ने की। बाउंड्रीवॉल के लिए राशि की मांग नर्मदापुरम विधायक डॉ सीतासरन शर्मा ने रखी थी।
लोकार्पण अवसर पर प्रभारी मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि आज के बदले हुए मध्य प्रदेश में विकास की जो धारा प्रवाहित हो रही है मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में इस विकास धारा को और अधिक गति मिली है। आज प्रदेश हर मायने में चाहे वह आधारभूत संरचना हो, कृषि हो, शिक्षा, स्वास्थ्य अथवा निवेश सभी में पूरे देश में प्रथम सोपान पर खड़ा हुआ है और देश के विकास और अर्थव्यवस्था में अपना बहुमूल्य योगदान दे रहा है। विधायक नर्मदापुरम डॉ सीतासरन शर्मा ने कहा कि प्रभारी मंत्री द्वारा जिले को कई अन्य सौगातें भी दी गई हंै। करोड़ों रुपए के कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण भी प्रभारी मंत्री द्वारा किया गया है। उल्लेखनीय है कि विश्राम गृह कुल 441.60 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बना है। भवन में दो वीआईपी कक्ष, दो सामान्य विश्राम कक्ष, एक किचन, एक डाइनिंग हॉल, एक सर्वेन्ट कक्ष, एक मीटिंग हॉल एवं एक वेटिंग हॉल का निर्माण किया गया है। इसके अतिरिक्त, आगंतुकों की सुविधा हेतु विश्रामगृह में दो शौचालयों के साथ दिव्यांगजनों के लिए रैम्प की व्यवस्था की गई है। संपूर्ण भवन परिसर को सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा गया है। लोकार्पण कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री ने महात्मा गांधी स्टेडियम में इटारसी नपा द्वारा आयोजित अखिल भारतीय महात्मा गांधी स्मृति हाकी प्रतियोगिता में पहुंचकर खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन भी किया। कार्यक्रम में सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सांसद माया नारोलिया, सिवनी मालवा विधायक प्रेम शंकर वर्मा, इटारसी नपाध्यक्ष
पंकज चौरे, मप्र तैराकी संघ के अध्यक्ष पीयूष शर्मा, कलेक्टर सोनिया मीना, एसपी साई कृष्णा एस थोटा, राहुल चौरे, मयंक महतो, मुकेशचंद्र मैना, ज्योति चौरे सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
