सेमरी उपनहर के गेट में फंसा लक्कड़, फसलों को नहीं मिल रहा पानी….

इटारसी। सेमरी उप नहर चैन क्रमांक 1350 टी.एल.एम.बी.सी. के गेट पर लक्कड़ फंसने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। लक्कड़ फंसने से पानी की निकासी उप नहर में गत 4-5 दिनों से नहीं हो पा रही है। नहर में पानी नहीं चलने से फसल में सिंचाई करना किसानो के लिए मुश्किल हो गया है। खेतों तक पानी नहीं पहुंचने से हज़ारों एकड़ गेहूँ की फसल सूखने की कगार पर है। इधर सिंचाई विभाग के एस.डी.ओ.एस.एस. रैकवार व उपयंत्री ए. वी. कुलकर्णी गत तीन दिनो से लगातार ट्रेक्टर एवं जे.सी.बी. मशीन से उपनहर में फसे लक्कड़ को निकालने का प्रयास कर रहे है, किंतु अभी तक नहर में फंसे लक्कड़ को निकालने में सफलता प्राप्त नहीं हुई है। किसानों का कहना है कि जब तक मुख्य नहर के बीच में कटिंग नहीं होगी तब तक नहर में फसे लक्कड़ का निकलना सम्भव ही नहीं है। उक्त नहर को काटने का अधिकार उपरोक्त दोनों अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में नहीं है। यह कार्य अधीक्षण यंत्री की अनुमति मिलने के बाद ही सम्भव है। किसानों ने चैतावनी दी है कि दो दिनों में शीघ्र अतिशीघ्र उक्त समस्या का समाधान नहीं हुआ तो किसानों द्वारा उग्र आंदोलन किया जावेगा। किसानों ने कलेक्टर से मांग की है कि तत्काल उक्त नहर को चालू कराया जाये। किसान अभय चौधरी, सियाराम चौधरी, उमाकांत वर्मा, उपेन्द्र चौधरी, राजू पटेल, संतोष चिमानिया, विजय चौधरी, ब्रजमोहन चौधरी, अजय चौधरी, मनीराम यादव, फूल्लु यादव, अवधेश रावत, उत्तम मेहतो इत्यादि ने विधायक व सांसद से भी उक्त प्रकरण में हस्तक्षेप करने की मांग की है।