मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में ऑईनॉक्स ऑक्सीजन प्लांट में हादसा, ऑपरेटर बुरी तरह झुलसा

मोहासा इंडस्ट्रियल एरिया का मामला
नर्मदापुरम। माखननगर स्थित मोहासा इंडस्ट्रियल एरिया (mohasa industrial area makhannagar accident) में रविवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। आईनॉक्स ऑक्सीजन प्लांट में एक खाली टैंकर में नाइट्रोजन गैस कन्वर्ट करने के दौरान अचानक आग भडक़ गई। घटना सुबह 11.50 बजे हुई। इस हादसे में ऑपरेटर महेंद्र यादव का शरीर 72 प्रतिशत झुलस गया।
प्लांट मैनेजर मयूर कुमार के अनुसार टैंकर एमपी 05 जेडबी 6764 में लिक्विड ऑक्सीजन अनलोड की जा चुकी थी। इसके बाद उसे नाइट्रोजन गैस से कन्वर्ट किया जा रहा था। जैसे ही गैस प्रेशर रिलीज किया गया, अचानक तेज आवाज के साथ आग भडक़ उठी। कर्मचारियों ने तुरंत पानी डालकर आग पर काबू पाया और घायल ऑपरेटर को बाहर निकाला। आग की लपटों से महेंद्र यादव बुरी तरह झुलस गया। उसे तुरंत नर्मदापुरम के मालवीय अस्पताल ले जाया गया। हादसे की जानकारी लगभग चार घंटे बाद शाम 4 बजे बाहर आई।
सूचना मिलते ही माखननगर तहसीलदार महेंद्र चौहान, माखननगर थाना पुलिस टीम प्लांट पहुंची और जांच शुरू की।
प्रदेश का बड़ा गैस उत्पादन केंद्र है आईनॉक्स प्लांट
मोहासा में स्थित मेसर्स आईनॉक्स एयर प्रोडक्ट्स प्रदेश के सबसे बड़े ऑक्सीजन प्लांट्स में से एक है। यहां से रोज बड़े पैमाने पर गैस सप्लाई की जाती है। प्लांट में 150 मीट्रिक टन/दिन मेडिकल ऑक्सीजन, 54 मीट्रिक टन/दिन नाइट्रोजन गैस और 6 मीट्रिक टन/दिन आर्गन गैस का उत्पादन होता है।
इनका कहना है
मोहासा इंडस्ट्रियल एरिया में ऑक्सीजन प्लांट में हादसे के मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई होगी।