समाज के युवक ने आरोपों को झूठा बताया
इटारसी. पूज्य पंचायत सिंधी समाज की रविवार को सिंधी धर्मशाला कार्यालय में हुई बैठक में समाज के कुछ पदाधिकारियों व एक युवक का जमकर विवाद हो गया। विवाद में एक-दूसरे के साथ झूमाझटकी हो गइ। विवाद के बाद समजा संरक्षक और अन्य सदस्यों ने युवक पर गालीगलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सिटी थाने में दर्ज कराया। इस मामले में समाज के ही दूसरे युवक सिंधी पंचायत के करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मारपीट की शिकायत भी की।
पुलिस ने बताया कि फरियादी मोहन मोरवानी की रिपोर्ट पर आरोपी एलकेजी कॉलोनी निवासी सन्नी लालवानी के खिलाफ गालीगलौज, मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है। फरियादी मोहन मोरवानी उम्र (67) निवासी सिंधी कालोनी गली नंबर 04 ने पुलिस को बताया कि मैं फुटवेयर का व्यवसाय करता हूं। पिछले करीब तीन माह से सन्नी लालवानी निवासी एलकेजी कालोनी द्वारा सिंधी समाज इटारसी के पदाधिकारियों के खिलाफ अनर्गल एवं भ्रामक बातें लिखकर सोशल मीडिया पर सेंड की जा रही थी। जिसके कारण पूज्य पंचायत सिंधी समाज इटारसी के पदाधिकारियों में असंतोष था। इसी बात को लेकर रविवार 16 नवंबर को सिंधी धर्मशाला में पदाधिकारियों की बैठक दोपहर 12 बजे से सिंधी पंचायत के कार्यालय मे चल रही थी। जहां सन्नी लालवानी को समझाइश देने के लिये बुलाया गया था। दोपहर करीब 1.30 बजे सन्नी एवं उसके भाई विनोद व रवि पंचायत के कार्यालय आए। मेरे एवं मेरे अन्य साथियों के द्वारा सन्नी को झूठी एवं भ्रामक मैसेज सोशल मीडिया पर नहीं सेंड करने के बारे में समझाइश दी जा रही थी, इसी दौरान सन्नी लालवानी कहने लगा कि पंचायत के पैसों का हिसाब मुझे मेरे घर पर चाहिये और इसी बात को लेकर उत्तेजित होकर गालीगलौच करने लगा। मेरे साथ झूमाझटकी करते हुए गला पकडक़र नीचे गिरा दिया। मेरे साथ मारपीट की। वहां पर मौजूद सिंधी समाज के पदाधिकारी कैलाश नवलानी, श्रीचंद बुरानी, धर्मदास मिहानी, अर्जुनदास नवलानी व अन्य लोगों ने बीच बचाव किया। इसके बाद धमकाते हुए चला गया। वहीं सन्नी लालवानी ने कहा कि उसने कोई झूमाझटकी नहीं की थी। वह तो पंचायत के पैसों का हिसाब मांग रहा था इससे नाराज होकर उन सभी लोगों ने उसके साथ मारपीट की। मारपीट के बाद उसने उक्त लोगों के खिलाफ पुलिस थाने में शिकायत की है।
