मुस्कान संस्था में थैलेसीमिया जागरूकता कार्यक्रम। इटारसी। मुस्कान संस्था में सोमवार को थैलेसीमिया जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। थैलेसीमिया जनजागरण समिति के संरक्षक सत्येंद्र सिंह राठौड़ ने बालिकाओं को थैलेसीमिया के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह बीमारी आनुवांशिक होती है, जिसकी समय पर जांच और जागरूकता से बच्चों का जीवन सुरक्षित किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान मुस्कान संस्था की ओर से सत्येंद्र सिंह राठौड़ का सम्मान भी किया गया। संस्था ने उनके द्वारा थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के हित में किए जा रहे निरंतर कार्यों को समाज में प्रेरणादायक बताया। इस अवसर पर अधिवक्ता रमेश साहू ने कहा कि इनरव्हील क्लब द्वारा जल्द ही स्वास्थ्य एवं थैलेसीमिया जांच शिविर लगाया जाएगा। कार्यक्रम में संस्था संचालक मनीष सिंह ठाकुर ने अतिथियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि मुस्कान संस्था बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा और जागरूकता के लिए लगातार कार्य कर रही है। कार्यक्रम में ऋतु राजपूत, शशांक राजपूत सहित मुस्कान परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

