घरवालों को डीजल लाने का कहकर निकले थे दो युवक, रास्ते में एक युवक का मौत कर रही थी इंतजार…

नर्मदापुरम। ग्राम धमासा और चाैतलाय के बीच एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं एक अन्य युवक गम्भीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक बाइक से चाैतलाय से डीजल लेकर वापस ग्राम धमासा जा रहे थे। जानकारी के अनुसार धमासा निवासी अमित अपने साथी जय बोरासी के साथ बाइक पर डीजल लेकर चाैतलाय से अपने गांव जा रहे थे। ग्राम धमासा और चौतलाय के बीच एक तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी। कार भी ग्राम धमासा की ही बताई जा रही है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में अमित 20 वर्ष नामक युवक की मौत हो गई। वहीं दूसरा युवक जय बोरासी 16 वर्ष बुरी तरह घायल हो गया। घायल युवक को उपचार के लिए नर्मदा अस्पताल में भर्ती किया गया है। नर्मदा अस्पताल के मनोज सारन ने बताया कि अमित नामक युवक को अस्पताल मृत लाया गया था जिसे जिला अस्पताल भेज दिया गया। दूसरा घायल जय बोरासी को गंभीर चोटें आने से उसकी हालत भी चिंताजनक बनी हुई है।