जिले में पैर पसार रहा गांजे का अवैध कारोबार, अब शिवपुर में पकड़ाया डेढ़ लाख का गांजा….

शिवपुर पुलिस की बडी कार्यवाही, दो आरोपी गिरफ्तार, कुल 08 किलो अवैध गांजा जब्त, गांजे की कुल कीमत 1 लाख 60 हजार रूपये

इटारसी। नर्मदापुरम जिले में गांजे के अवैध कारोबार को काली कमाई का जरिया बना लिया गया है। पुलिस की नजरों से बचकर गांजे की खेप जिले में एक शहर से दूसरे शहर सप्लाई करने में सप्लायर लगे हुए है। गांजे के इस अवैध कारोबार पर पुलिस महकमे की भी नजर है फिर भी अवैध गांजा सप्लाई करने वाले मौका तलाशकर खेप खपाने में लगे हुए है। जिले 3 दिन के अंदर पुलिस विभाग ने फिर अवैध गांजे की खेप पकड़ी। यह कार्रवाई शिवपुर थाना पुलिस ने की। शिवपुर पुलिस ने करीब डेढ़ लाख रुपए कीमत का करीब 8 किलो गांजा 2 युवकों से जब्त किया है। आपको बता दें कि नवागत पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम साईं कृष्णा एस थोटा ने जिले अवैध गतिविधियों जैसे जुआ, सट्टा, अवैध शराब सप्लाई, गांजा आदि पर लगाम कसने मातहत अधिकारियों को निर्देश दिए है। एसपी के निर्देशों के बाद से पुलिस महकमा इन गतिविधियों पर नजर रखा है। 13 नवंबर 2025 को सुबह 5 बजे शिवपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति जिनका नाम मनोज पिता शंकर लाल मेहरा निवासी ग्राम भांजा थाना सिवनी मालवा एवं उपदेश उर्फ सूर्या पिता चंद्रभान परते निवासी ग्राम डोभी तालपुरा थाना पथरोटा किसी व्यक्ति को गांजा देने के लिये पगढाल टिमरनी रोड पर आ रहे हैं । मुखबिर की सूचना पर थाना प्रभारी शिवपुर व्दारा बल के साथ मुखबिर के बताये स्थान पर पहुँच गए। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उक्त दोनो आरोपी मनोज मेहरा एवं उपदेश उर्फ सूर्या को पकड़ा एवं तलाशी लेकर आरोपियो के कब्जे से 8 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा जब्त किया। जिसकी कुल कीमत 1,60,000 रूपये आंकी गई है। आरोपियो के विरुध्द थाना शिवपुर में अपराध क्रमाँक 239/2025 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट का अपराध पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया। थाना प्रभारी शिवपुर उपनिरीक्षक विवेक यादव ने बताया कि उक्त कार्यवाही SDOP सिवनी मालवा महेन्द्र सिंह चौहान के निर्देशन में प्रधान आरक्षक विशाल भदोरिया , आरक्षक हरिशंकर ,आरक्षक ओम जाट, आरक्षक शिवम जोशी की मौजूदगी में की गई। पुलिस अधीक्षक नर्मदापुरम द्वारा उक्त मामले में 10,000 रूपये के ईनाम की उद्घोषणा की गई।