मध्यप्रदेश के 1 लाख 33 हजार किसानों को सिंगल क्लिक से भेजी भावांतर की 233 करोड़ की राशि, इटारसी मंडी में किसानों को गिनाए जनप्रतिनिधियों ने भावांतर योजना के फायदे…

नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा भावांतर भुगतान योजना के अंतर्गत प्रदेश के किसानों को लाभान्वित करते हुए सिंगल क्लिक के माध्यम से किसानों के बैंक खातों में राशि अंतरित की गई। राज्य स्तरीय कार्यक्रम देवास जिले में हुआ, जिसमें मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 1.33 लाख किसानों के खातों में 233 करोड़ रुपए की राशि अंतरण की। इस कार्यक्रम के समानांतर इटारसी कृषि उपज मंडी परिसर में मंडी समिति द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस योजना में नर्मदापुरम जिले के 2997 किसानों को भावांतर राशि प्रदान की गई।                                     नर्मदापुरम जिले में इटारसी की कृषि उपज मंडी परिसर में जिलास्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, कार्यक्रम अध्यक्ष सांसद दर्शन सिंह चौधरी और विशेष अतिथियों में प्रदेश मंत्री भाजपा राजो मालवीय, इटारसी नगर पालिका अध्यक्ष  पंकज चौरे, जनपद पंचायत अध्यक्ष भूपेंद्र चौकसे, विधायक प्रतिनिधि महेंद्र यादव, नगर भाजपा अध्यक्ष राहुल चौरे, किसान मोर्चा भोपाल के प्रभारी प्रयागराज रघुवंशी, व्यापारी सतीश अग्रवाल सांवरिया, हिमांशु अग्रवाल मौजूद थे।

देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं किसान

कार्यक्रम में विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों को उनकी उपज का वास्तविक मूल्य दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। भावांतर योजना इसका सशक्त उदाहरण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. यादव की दूरदर्शी सोच के कारण किसानों को सम्मान निधि के साथ-साथ भावांतर योजना का सीधा लाभ प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि किसान देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और मध्य प्रदेश शासन जीडीपी में कृषि की हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए किसानों को हरसंभव संबल प्रदान कर रहा है।

भावांतर योजना से किसान होंगे मजबूत

सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि भावांतर योजना मध्य प्रदेश शासन की महत्वाकांक्षी और किसान हितैषी योजना है, जो यह सुनिश्चित करती है कि किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य प्राप्त हो। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 2997 से अधिक किसानों ने अपनी उपज का विक्रय इस योजना के अंतर्गत किया है। किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य और विक्रय मूल्य के बीच का अंतर मॉडल रेट के आधार पर भुगतान किया जा रहा है, जिससे किसानों को किसी प्रकार की हानि नहीं होगी।

सरकार के लिए किसान हित प्राथमिकता

भाजपा प्रदेश मंत्री राजो मालवीय ने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने सदैव किसानों के हित को सर्वोपरि रखा है। तय समयसीमा के भीतर किसानों को भावांतर की राशि का भुगतान यह प्रमाणित करता है कि सरकार किसान हित में पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का मूल्य सीधे बैंक खातों में अंतरित करना शासन की पारदर्शी नीति का प्रतीक है।

भावांतर योजना में पूरी पारदर्शिता

कलेक्टर सोनिया मीना ने कहा कि नर्मदापुरम जिले में भावांतर योजना का सफल क्रियान्वयन किया गया है। जिसमें किसान बंधु, जिले के समस्त जनप्रतिनिधीकरण एवं प्रशासनिक अधिकारियों का महत्वपूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ है। कलेक्टर ने कहा कि किसानों द्वारा 51 हजार क्विंटल से अधिक मात्रा में सोयाबीन का विक्रय किया जा चुका है। जिले में योजना के तहत की जाने वाली प्रक्रियाओं को अत्यधिक पारदर्शी बनाया गया। साथ ही भावांतर योजना की पारदर्शिता को कायम रखते हुए किसानों को उनकी उपज का पूरा मूल्य बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव द्वारा आज सिंगल क्लिक से किया जा रहा है। उक्त प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर कोई मध्यस्थ नहीं है। राशि सीधे शासन द्वारा किसानों के खातों में अंतरित की जा रही है।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में एसडीएम नीलेश शर्मा, उप संचालक कृषि जे. आर. हेडाऊ, सहायक संचालक राघवेंद्र सिंह, मंडी सचिव प्रशांत पांडे, मंडी विधायक प्रतिनिधि देवेंद्र पटेल, व्यापारी राजेंद्र अग्रवाल कक्का, अनिल मित्तल, अनिल राठी, शैलेष ओसवाल मंटू, किसान शिवमोहन पटेल, चिमन पटेल सहित अन्य लोग मौजूद थे।