दुकानदारों द्वारा फैलाई गई गंदगी देख स्वास्थ्य सभापति हुए नाराज, कर्मचारियों के साथ ही दुकानदारों को लताड़ा…

सभापति राकेश जाधव ने किया निरीक्षण

इटारसी। नगर पालिका स्वच्छता विभाग के सभापति राकेश जाधव का माथा उस समय खराब हो गया जब वे पूड़ी लाइन और चिकमंगलूर चौराहा इलाके में सफाई अभियान कराने पहुंचे। बाजार क्षेत्र में पूड़ी लाइन और चिकमंगलूर चौराहे के आसपास दुकानों के आसपास और नालियों में गंदगी देखकर उन्होंने दुकानदारों के साथ सफाई कर्मचारियों को भी फटकार लगाई। उन्होंने दुकानदारों को साफ-सफाई बनाए रखने की सख्त हिदायत भी दी। स्वास्थ्य सभापति राकेश जाधव ने दुकानदारों से कहा कि दुकानदारों द्वारा स्वच्छता पर ध्यान नहीं दिया जाता है। दुकानों का कचरा सड़क और नालियों में फेंका जाता है जिससे ये हालात बन गए हैं। यहां स्टेशन के यात्रियों के साथ ही शहर के लोग भी भोजन करने आते है। अगर इतनी गंदगी रहेगी तो यहां कौन खाना खाएगा? स्वच्छता की जिम्मेदारी आप सबकी भी है। हर दुकान के आगे डस्टबिन रखना अनिवार्य है। उन्होंने सफाईकर्मियों को भी गम्भीरता से काम करने की हिदायत देते हुए कहा कि काम में लापरवाही मिली तो आगे से सख्त कार्रवाई होगी। सभापति जाधव ने दुकानदारों को चेतावनी देते हुए कहा कि हमने इस क्षेत्र में सफाई कर दी है। आगे से दुकानदार भी स्वच्छता का ध्यान रखें। दुकानदारों द्वारा गंदगी करते पाए जाने पर उन पर अब जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने चिकमंगलूर चौराहे पर एक होटल संचालक द्वारा नाली पर जाली लगाकर नाली बंद करने पर नाराज़गी जताई और कहा कि यदि जाली नहीं हटाई गई तो जेसीबी से तोड़ने की कार्यवाही की जाएगी। विशेष सफाई अभियान में स्वच्छता विभाग के कमल आर्य, मोहन कंडारे, सौरभ चावरे और नरेश धारू सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।