शराबियों और असामाजिक तत्वों के जमावड़े से परेशान भाजपा पार्षद और जनता, पुलिस को ज्ञापन देकर बोले घटना का इंतजार मत कीजिए…

भाजपा पार्षद के वार्ड में सामाजिक तत्व बेलगाम, पार्षदपति ने जनता के साथ थाना प्रभारी को सौंपा ज्ञापन
इटारसी। शहर में अलग अलग इलाकों में अवैध शराब का कारोबार चरम पर है। अवैध शराब के कारोबार और शराबी तत्वों के साथ ही असमाजिक तत्वों की सक्रियता आम जनता के बीच डर का माहौल बना रही है। अब वार्ड 18 का ही एक ऐसा मामला सामने आया है। इस वार्ड में शराबियों और असामाजिक तत्वों की सक्रियता से परेशान होकर वार्ड की भाजपा पार्षद और जनता ने सिटी थाने में ज्ञापन देकर उन लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
वार्ड 18 की पार्षद मनीषा कौर हरविंदर हन्नू बंजारा ने थाना प्रभारी के नाम सौंपे ज्ञापन में कहा है कि वार्ड में शराबी और असामाजिक तत्वों की सक्रियता बढ़ती जा रही है वार्ड के भारत माता चौराहे के आसपास वाले क्षेत्र में बड़ी संख्या में शराबी और असामाजिक तत्व जमा होकर आते-जाते लोगों के साथ अभद्रता करते हैं इससे लोगों में डर और दहशत का माहौल बना हुआ है। अंधेरा होते ही यहां शराबियों का जमावड़ा होने लगता है जिससे महिलाओं और युवतियों का आना जाना मुश्किल हो गया है। इस क्षेत्र में असामाजिक तत्वों और शराबियों की मनमानी से किसी दिन बड़ी घटना होने से इनकार नहीं किया जा सकता है। जनता की परेशानियों को देखते हुए पुलिस विभाग को ऐसे असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करना चाहिए। पार्षदपति हन्नू बंजारा ने बताया कि वार्ड में अवैध शराब के कारण माहौल खराब हो रहा है। शराबियों की सक्रियता और लड़ाई झगड़े के कारण महिला वर्ग बहुत परेशान है। यहां नियमित गश्त होना चाहिए। ज्ञापन देते समय वार्डवासी मुन्ना उइके, देवेंद्र साहू, शिवकांत मालवीय, विक्रांत भारतीय, मुकेश यादव, विपिन साहू, अनिल मालवीय आदि मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले गांधीनगर में भी मोहल्ला विकास समिति ने वार्ड असामाजिक तत्वों की सक्रियता से परेशान होकर पुलिस प्रशासन की मदद लेने के लिए वार्ड पार्षद राकेश जाधव के निवास पर बैठक आयोजित की थी। शहर में अलग अलग वार्डों से इस तरह की शिकायतें आना पुलिस की लचर व्यवस्था को उजागर कर रही हैं। इस मामले थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला ने कहा कि वार्ड 18 से जो शिकायत आई है उसे गंभीरता से लिया जाएगा। वार्ड में असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। वार्ड में गश्त और बढ़ाने का प्रयास करेंगे।