पटवा लाइन की एक गली को बना दिया यूरिनल, व्यापारियों की शिकायत पर गली को अस्थाई तौर पर बंद किया….

पटवा लाइन के पास खुले में शौच करने वालों पर होगी कार्रवाई सभापति राकेश जाधव ने किया निरीक्षण

इटारसी। बाजार क्षेत्र की पटवा लाइन में एक गली को बाहरी लोगों ने यूरिनल बना डाला। महिलाओं के आवागमन के बावजूद लोग यहां खुले में ही यूरिन करने से भी नहीं झिझक रहे थे। भरे बाजार में गली में यूरिनल बनने से आसपास के दुकानदार भी परेशान हो रहे थे। जब यह समस्या सिरदर्द साबित होने लगी तो उन्होंने नपा के स्वास्थ्य सभापति राकेश जाधव को शिकायत की। व्यापारियों की शिकायत पर नगर पालिका सभापति राकेश जाधव ने उक्त गली का निरीक्षण किया। व्यापारियों ने बताया कि गली में आने-जाने वाले कुछ लोग खुले में टॉयलेट कर रहे हैं, जबकि इस क्षेत्र में महिलाओं का आना-जाना अधिक रहता है।सूचना मिलने पर सभापति श्री जाधव मौके पर पहुंचे और संबंधित गली का निरीक्षण किया। उन्होंने तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए और गली को अस्थायी रूप से बंद करने के आदेश भी दिए, ताकि दोबारा ऐसी स्थिति न बने।सभापति ने मौके पर मौजूद लोगों को समझाइश दी कि आसपास ही सार्वजनिक यूरिनल उपलब्ध हैं, सभी नागरिकों को उनका ही उपयोग करना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि स्वच्छता बनाए रखना सबकी जिम्मेदारी है, और इस प्रकार की हरकतें शहर की छवि को खराब करती हैं। उन्होंने स्वच्छता निरीक्षक कमल आर्य को यूरिनल की सफाई रखने के भी निर्देश दिए।